ट्रंप से मतभेद व्यक्तिगत नहीं, रूस से प्रतिबंध हटाना पुतिन को मजबूत करेगा: जेलेंस्की

कीव। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनके मतभेद व्यक्तिगत नहीं हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि रूस से प्रतिबंध हटाने पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और मजबूत होंगे और युद्ध खत्म करने के प्रयासों को नुकसान पहुंचेगा। कीव में CNN को दिए इंटरव्यू में जेलेंस्की ने कहा कि वह मॉस्को पर से प्रतिबंधों में ढील के खिलाफ हैं। उन्होंने तर्क दिया कि पुतिन का इस संघर्ष को खत्म करने का कोई इरादा नहीं है। जेलेंस्की ने कहा- पुतिन को लेकर मेरा रुख बिल्कुल साफ है। मुझे लगता है कि अगर हम प्रतिबंध हटाते हैं, तो हम उन्हें और मजबूत बना देंगे। यह मेरे और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच कोई व्यक्तिगत मामला नहीं है। जाहिर है कि मैं किसी भी तरह के प्रतिबंध हटाने के खिलाफ हूं।
मार्को रुबियो बोले- पाकिस्तान के पास परमाणु हथियार, भारत की चिंताओं के लिए उससे बातचीत जरूरी
यूक्रेन और अमेरिका के रिश्ते बिगड़े
हाल के हफ्तों में वॉशिंगटन और कीव के बीच रिश्ते बिगड़े हैं। जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूस से ईंधन खरीदने के समझौते की घोषणा की, तो जेलेंस्की ने ट्रंप की आलोचना करते हुए कहा कि वह इतिहास के गलत पक्ष पर खड़े हैं। इससे मॉस्को को अलग-थलग करने की अंतरराष्ट्रीय कोशिशों को लेकर चिंता बढ़ गई। इसके बाद ट्रंप ने रूस पर लगे कुछ प्रतिबंध हटा दिए, जिसकी उनकी अपनी पार्टी के सदस्यों ने भी आलोचना की। यूक्रेन को एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स द्वारा संचालित सैटेलाइट इंटरनेट सेवा 'स्टारलिंक' के इस्तेमाल पर भी पाबंदियों का सामना करना पड़ा। ऐसे में कीव को वॉशिंगटन से मिल रहे लगातार समर्थन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
युद्ध रोकने के लिए चल रही कोशिशें
जेलेंस्की की ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं जब ट्रंप के दूत साढ़े चार साल से चल रहे युद्ध का समाधान खोजने के लिए नए सिरे से राजनयिक प्रयास कर रहे हैं। जेलेंस्की ने शांति के प्रति पुतिन की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए हैं। अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने बुधवार को सेंट पीटर्सबर्ग में पुतिन से तीन घंटे तक मुलाकात की। इससे एक दिन पहले विटकॉफ ने नॉर्वे में जेलेंस्की से मुलाकात की थी। उन्होंने 74 वर्षीय अमेरिकी कैदी स्टीफन हबर्ड को रिहा करने के पुतिन के फैसले को देखते हुए उन्हें मानवतावादी बताया। ट्रंप ने बुधवार को कहा था कि रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने से हबर्ड की रिहाई रुक सकती थी और शांति समझौता करने की कोशिशों को नुकसान पहुंच सकता था।
जेलेंस्की को पुतिन की मंशा पर शक
जेलेंस्की ने ओस्लो में विटकोफ के साथ अपनी मुलाकात को सार्थक बताया, लेकिन कहा कि उन्हें शक है कि पुतिन युद्ध खत्म करना चाहते हैं या नहीं। पुतिन नवंबर में बातचीत के लिए राजी हो गए हैं, लेकिन प्रस्तावित चर्चा के बारे में उन्होंने बहुत कम जानकारी दी है। जेलेंस्की ने कहा- पुतिन खेल खेल रहे हैं, वे एक खिलाड़ी हैं। यह अफसोस की बात है क्योंकि वह दूसरे लोगों की जिंदगी के साथ खेलते हैं और जाहिर है कि वह (युद्ध रोकना) नहीं चाहते। इसलिए हम अपने सहयोगियों से यही चाहते हैं कि वे पुतिन को और मजबूत होने और हमें तोड़ने का मौका न दें।
फिनलैंड 300 मिलियन यूरो का सहायता पैकेज देगा
जेलेंस्की ने घोषणा की कि फिनलैंड यूक्रेन को 300 मिलियन यूरो (336 मिलियन डॉलर) का एक नया सहायता पैकेज देगा। दोनों देश आपसी सहयोग को और गहरा करने पर भी सहमत हुए हैं, जिसमें यूक्रेन द्वारा फिनलैंड की सैटेलाइट क्षमताओं का अधिक उपयोग करना भी शामिल है। फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेलेंस्की ने कहा, हमारे लॉजिस्टिक्स और ऊर्जा क्षेत्रों का समर्थन करने की आपकी इच्छा के लिए धन्यवाद—ये इस समय रूस के मुख्य निशाने पर हैं। ऐसे में, हमारे पास और अधिक लोकोमोटिव, ऊर्जा उपकरण और अपने ऊर्जा बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त संसाधन होने से वास्तव में बहुत बड़ा फर्क पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन को अपने यूरोपीय सहयोगियों से और अधिक समर्थन की आवश्यकता है, खासकर वायु रक्षा (एयर डिफेंस) के क्षेत्र में, क्योंकि अब तक उपलब्ध कराई गई मिसाइलें देश की सुरक्षा के लिए नाकाफी थीं। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन को अपने सहयोगियों से दो मुख्य चीजों की जरूरत है - पुतिन पर लगे प्रतिबंधों को न हटाया जाए और हमें बेहतर मिसाइलें दी जाएं।



















