
दुनियाभर में 8 मार्च को महिला दिवस मनाया जाता है। महिलाएं आज देश के सर्वोच्च और सशक्त पदों पर कार्यरत हैं। राजनीति में भी महिलाओं की हिस्सेदारी कई गुना बढ़ गई है। कोई महिला किसी बड़े राजनीतिक दल की राष्ट्रीय अध्यक्षता कर रही हैं, तो कोई महिला बतौर राज्य की मुख्यमंत्री प्रदेश की बागडोर संभाल रही है। चलिए इस मौके पर देश और राजनीतिक दल की जिम्मेदारी निभा रही इन महिलाओं के बारे में हम आपको बताते हैं।

निर्मला सीतारमण
फोर्ब्स 2021 की लिस्ट में दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं में भारत की कई महिलाओं के नाम शामिल हैं। इनमें भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पहली और सबसे सशक्त भारतीय महिला हैं। देश की पहली पूर्णकालिक वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भारत के साथ-साथ विदेशों तक में प्रसिद्ध हैं। इसके पहले उन्होंने देश के रक्षा मंत्री पद का कार्यभार भी संभाला था। उनका जन्म तमिलनाडु के मदुरै में 18 अगस्त, 1959 को हुआ।

ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पूरे राज्य की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। ममता बनर्जी को महिला सशक्तिकरण का सबसे जबरदस्त उदाहरण माना जा सकता है। ममता बनर्जी लगातार तीन बार से किसी राज्य की मुख्यमंत्री के तौर पर कार्यरत हैं। एक महिला राजनेता के तौर पर यह बड़ी उपलब्धि है। वह टीएमसी की लीडर भी हैं और प्रदेश की मुखिया भी। ममता बनर्जी केंद्र में लगातार दो बार रेल मंत्री भी रह चुकी हैं।

आनंदीबेन पटेल
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को तेजतर्रार, सख्त और कुशल प्रशासन के कारण आयरन लेडी भी कहा जाता है। इसके पहले वह गुजरात की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। कल्याण सिंह के अस्वस्थ होने पर आनंदी बेन पटेल ने दो राज्यों के राज्यपाल पद की जिम्मेदारी भी संभाली थी। वह तब यूपी के साथ ही मध्य प्रदेश की राज्यपाल भी रहीं। राजनीति में आने से पहले वह एक अच्छी शिक्षक भी रह चुकी हैं। उन्हें राष्ट्रपति ने सम्मानित भी किया था।

मायावती
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा नाम मायावती का है। वह बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख भी हैं। लंबे समय से राजनीति में रहने के बाद मायावती की पहचान ‘बहन जी’ के तौर पर बन गई है। बसपा सुप्रीमो होने के साथ ही मायावती उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री भी रह चुकी हैं। मायावती का जन्म साल 15 जनवरी साल 1956 को दिल्ली में हुआ था।

प्रियंका गांधी
यूपी की सियासत में इन दिनों एक महिला का नाम और उनकी सक्रियता बढ़ती जा रही है। व्यक्तिगत जिंदगी छोड़ सार्वजनिक जीवन में उतरी प्रियंका गांधी में इंदिरा गांधी की झलक मिलती है। कांग्रेस महासचिव की अब तक कोई राजनीतिक उपलब्धि या जीत न हुई हो लेकिन उनका नाम दिग्गज महिला राजनेताओं में शामिल हो चुका है।
ये भी पढ़ें- महिला दिवस विशेष : ‘अचला और उदिता’ सम्मान समारोह, पीपुल्स अपडेट डॉट कॉम की मनीषा धनवानी हुई सम्मानित