राष्ट्रीय

अग्निवीरों का पहला बैच तैयार… नाव पर पहली बार होंगी महिला नाविक, नौसेना प्रमुख ने दी जानकारी

नेवी-डे से एक दिन पहले नौसेना अध्यक्ष एडमिरल आर हरि कुमार ने नौसेना की सालाना प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि, अग्निपथ योजना के तहत नौसेना में 3000 लोगों का पहला बैच तैयार है। जिसमें 341 महिला नाविक हैं। पहली बार नाव पर महिला नाविक होंगी और फिर अगले साल से महिला अधिकारियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।

INS-विक्रांत ने देश के कद को ऊंचा किया

नौसेना अध्यक्ष एडमिरल आर हरि कुमार ने आईएनएस विक्रांत के कमीशन को देश और नौसेना के इतिहास में एक ऐतिहासिक घटना करार दिया है। उन्होंने कहा, INS-विक्रांत आत्मनिर्भरता की मशाल वाहक है। बहुत कम देश ऐसे हैं, जिनके पास विमानवाहक पोत बनाने की क्षमता है और हम उन चुनिंदा देशों में शामिल हैं। इसने दुनिया में देश के कद को ऊंचा किया है। मुझे यकीन है कि विक्रांत आने वाले वर्षों में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में गर्व से तिरंगा फहराएगा।

अग्निवीर के पहले बैच में 341 महिलाएं

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने कहा कि, अग्निवीरों के पहले बैच की रिपोर्ट आ चुकी है, लगभग 3000 अग्निवीर शामिल हो चुके हैं जिनमें से लगभग 341 महिलाएं हैं। अगले साल हम महिला अधिकारियों को सभी शाखाओं में शामिल करने पर विचार कर रहे हैं, न कि केवल 7-8 शाखाओं में जो आज तक सीमित हैं।

यह पहली बार है जब महिलाओं को उनके पुरुष समकक्षों की तरह ही शामिल किया जा रहा है। यह चयन का एक समान तरीका है। वे समान परीक्षणों से गुजर रही हैं। उन्हें हर चीज के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

2047 तक आत्मनिर्भर नौसेना बन जाएंगे

नौसेना प्रमुख ने कहा कि, हाल की वैश्विक घटनाएं यह रेखांकित करती हैं कि हम अपनी सुरक्षा आवश्यकताओं के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रह सकते, हमें सरकार ने आत्मनिर्भर भारत को लेकर स्पष्ट दिशा दिखाई है। शीर्ष नेतृत्व के साथ नौसेना की प्रतिबद्धता है कि हम 2047 तक आत्मनिर्भर नौसेना रूप में खड़े होंगे।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button