Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Politics :क्या धर्मेंद्र प्रधान, प्रकाश जावड़ेकर, जॉर्ज कुरियन और एमजे अकबर की तरह केंद्रीय मंत्री बनेंगे तरुण चुघ?

मप्र से राज्यसभा सदस्य के रूप में प्रतिनिधित्व करने वाले ज्यादातर बाहर के राज्यों के नेताओं को केंद्र में मंत्री पद मिला है। इस बार भी पंजाब के तरुण चुघ मप्र से राज्यसभा जा रहे हैं। माना जा रहा है कि चुघ को भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है। आगामी पंजाब चुनाव को देखते हुए यह संभावना प्रबल है।
क्या धर्मेंद्र प्रधान, प्रकाश जावड़ेकर, जॉर्ज कुरियन और एमजे अकबर की तरह केंद्रीय मंत्री बनेंगे तरुण चुघ?
तरुण चुघ

मनीष दीक्षित,भोपाल। धर्मेंद्र प्रधान, सुषमा स्वराज, प्रकाश जावड़ेकर, एमजे अकबर और जॉर्ज कुरियन में क्या समानतायें हैं? राजनीति में रूचि रखने वाले जानते हैं कि ये सभी नेता भाजपा के हैं, केंद्रीय मंत्री रहे हैं और सभी दूसरे प्रदेशों से होने के बावजूद मध्यप्रदेश कोटे से राज्यसभा गए हैं। अब बड़ा प्रश्न यह हैं कि क्या हाल ही में मध्यप्रदेश से राज्यसभा पहुंचे तरुण चुघ भी इसी कतार में शामिल होंगे? यानि क्या वे भी केंद्रीय मंत्री बनेंगे? दरअसल देश की राजनीति में राज्यसभा चुनावों के नतीजे केवल संसद की संख्या का गणित नहीं बदलते, बल्कि कई बार सत्ता के समीकरण और भविष्य की राजनीतिक तस्वीर भी तय करते हैं।

केंद्र में बड़ी भूमिका मिलने की संभावना

पार्टी सूत्रों के अनुसार चुघ का रास्ता केवल संसद के उच्च सदन तक ही नहीं है, बल्कि संभावना है कि उन्हें केंद्र सरकार में बड़ी भूमिका मिल सकती है। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे चुघ को भाजपा के भरोसेमंद और कुशल रणनीतिकारों में गिना जाता है। यही वजह है कि राज्यसभा पहुंचने के तुरंत बाद उन्हें मोदी सरकार के संभावित कैबिनेट विस्तार से जोड़कर अब देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें: दीया मिर्जा ने कहा- क्लाइमेट चेंज के लिए पुरुष जिम्मेदार, विरोध पर बोलीं...अपने बयान पर कायम हूं

टीम मोदी में होने वाला है फेरबदल

आगामी महीनों में जब भी मोदी की टीम में फेरबदल और विस्तार होगा, उसमे पंजाब से आने वाले चुघ का नाम भी शामिल होगा। इसकी एक वजह पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव भी हैं। पंजाब में पार्टी को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी को देखते हुए पार्टी हाईकमान चुघ को केंद्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर बड़ा संदेश दे सकती है।

संघ, विद्यार्थी परिषद और युवा मोर्चा में रहे सक्रिय

अमृतसर से आने वाले तरुण चुघ को राज्यसभा भेजा जाना संगठन में उनकी वर्षों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। छात्र राजनीति से शुरुआत करते हुए आरएसएस, अभाविप और भारतीय जनता युवा मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभाई। बूथ कार्यकर्ता से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बनने तक का सफर संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऐसा नहीं है कि वे केवल पंजाब में ही सक्रिय रहे, भाजपा नेतृत्व ने उन्हें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और तेलंगाना जैसे राज्यों की जिम्मेदारी भी सौंपी, जहां उन्होंने संगठन विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ये भी पढ़ें: उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका? 9 में से 7 सांसदों की बगावत की चर्चा, शिवसेना के स्थापना दिवस से पहले बढ़ी चिंता

वीडी शर्मा को भी मिल सकती है नई जिम्मेदारी

राजनीतिक हलकों में चर्चा है की मोदी 3.0  के आगामी कैबिनेट विस्तार में कुछ नए चेहरों को मौका मिल सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति के तहत तरुण चुघ का नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है। इसके अलावा मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व युवा नेता वीडी शर्मा को भी केंद्र में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद युवा नेताओं को आगे लाने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल सभी कयासों पर अंतिम फैसला भाजपा नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में है। 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts