राष्ट्रीय

Weather Update: बस 8 दिन… मौसम में फिर होगा बदलाव, तेजी से बढ़ेगी ठंड; पहाड़ों पर जमकर होगी बर्फबारी

देश के ज्यादातर राज्यों में मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दी है। अक्टूबर का महीना गुजरने के साथ ही देश में एक साथ एक्टिव हुए दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 10 राज्यों में ठिठुरन कड़ाके की ठंड लाएंगे। कई राज्यों में मौसम शुष्क बना हुआ है। तापमान में तेजी से गिरावट के कारण ठंड का अहसास शुरु हो गया है।

इन 10 राज्यों में बढ़ेगी ठिठुरन

राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले 8 दिनों में सर्दियां शुरू हो जाएंगी। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना में तापमान 6 से 7 नवंबर के बीच तेजी से गिरने के आसार हैं। दिन और रात के तापमान में 11 से 17 डिग्री का अंतर आने के आसार हैं।

इस वजह से महसूस होगी ठिठुरन

मौसम विभाग का कहना है कि, इस समय उत्तर और पश्चिम से लेकर मध्य भारत तक ड्राइ नॉर्थ-वेस्ट हवाएं चल रही हैं। उत्तर के पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद ये हवाएं बर्फीले इलाकों से गुजरती हुई मध्य भारत तक ठंडक लेकर पहुंचेंगी। इन वजहों से 7 नवंबर से देश में दो पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर से लेकर मध्य भारत तक दिन में भी ठिठुरन महसूस होगी।

इस दिन देंगे दस्तक

पहला पश्चिमी विक्षोभ 31 अक्टूबर को कश्मीर में दस्तक देगा। जिसकी वजह से एक या दो नवंबर को हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की बर्फबारी के साथ बारिश हो सकती है। वहीं दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 3 नवंबर को आएगा, जिससे 5 से 6 नवंबर तक कश्मीर से हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी हो सकती है।

इन राज्यों में धीरे-धीरे कम होगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, एक नवंबर से राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश में मौसम साफ रहेगा। लेकिन सुबह और शाम को सर्दी महसूस होगी। दोपहर का तापमान 30 से 35 डिग्री के बीच रहेगा। दूसरी तरफ, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और समूचे उत्तर-पूर्वी राज्यों में मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले एक हफ्ते इन राज्यों में तापमान धीरे-धीरे कम होगा।

नवंबर के पहले हफ्ते से तेज सर्दी

उत्तर भारत में पहाड़ों पर जब बर्फबारी होती है उसके बाद वहां से ठंडी हवाएं मैदानी भागों में पहुंचती हैं तब इन्हीं हवाओं के चलते वायुमंडल की निचली सतह का तापमान स्थाई तौर पर गिरने लगता है। जिसका असर धरती की सतह के तापमान पर भी पड़ता है। वर्तमान मौसम का परिदृश्य देखकर अनुमान है कि नवंबर के पहले सप्ताह में अच्छी सर्दी की शुरुआत हो जाएगी।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button