राष्ट्रीय

Weather Update: दिखने लगा सर्दी का सितम… पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड, जानिए कहां कैसा रहेगा मौसम

दिसंबर का महीना आते ही ठंड ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ो में बर्फबारी के चलते उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भी सर्दी का सितम बढ़ने लगा है। विभिन्न राज्यों के न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हालांकि, मैदानी इलाकों में धूप निकलने की वजह से लोगों को थोड़ी राहत मिल जाती है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान और नीचे गिरने के साथ कड़ाके की ठंड परेशान करने लगेगी।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

खराब वायु गुणवत्ता के साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिला। कई जगहों पर विजिबिलिटी काफी कम रही। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले एक सप्ताह तक धुंध छाए रहने की उम्मीद है। वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स 332 दर्ज किया गया। बता दें कि, 301 से 400 के बीच AQI ‘बहुत खराब’ माना जाता है।

यूपी में कैसा है मौसम

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से यूपी में लगातार मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही आज कुछ जिलों में कोहरा के आसार हैं। वहीं दिसंबर के पहले सप्ताह में तापमान में अधिक गिरावट दर्ज होने के साथ ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

आबू में कार पर बर्फ की परत जमी।

राजस्थान में सर्दी ने पकड़ा जोर

मौसम विभाग के मुताबिक आज राजस्थान में अधिकतम तापमान 26 डीग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने का अनुमान है। राजस्थान में खासकर शेखावाटी इलाके में सर्दी बढ़ गई है। वहीं आबू में भी ठंड ने अपना असर दिखाना तेज कर दिया है। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में 24 घंटे पहले रात में पारा गिरकर 4.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।

जानिए अपने शहर के मौसम का हाल

शहर न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान
श्रीनगर -1 12.0
अहमदाबाद 17.0 30.0
भोपाल 11.0 27.0
चंडीगढ़ 12.0 26.0
देहरादून 10.0 24.0
जयपुर 12.0 27.0
शिमला 8.0 20.0
मुंबई 21.0 35.0
जम्मू 12.0 27.0
लेह -8.0 7.0
पटना 12.0 27.0

हिमाचल में घना कोहरा रहने की संभावना

हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा हो सकता है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

  • मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आज हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है।
  • तटीय कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के साथ-साथ गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
  • आंतरिक तमिलनाडु और केरल में हल्की बारिश की संभावना है।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button