राष्ट्रीय

Weather Update: गर्मी से नहीं मिल रही राहत… देश के इन हिस्सों में लू की चेतावनी, जानिए राज्यों के मौसम का हाल

देश के कई हिस्सों में एक बार फिर से लू चलने की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं उत्तर व मध्य भारत में पिछले कुछ दिनों से गर्मी से राहत मिली थी। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आंधी-तूफान और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान, दक्षिणी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, हरियाणा व दिल्ली-एनसीआर में अगले दो से तीन दिन तक लू का प्रकोप रहेगा।

दिल्ली में येलो अलर्ट जारी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की अनुमान है। आईएमडी ने अगले चार से पांच दिनों में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है, लिहाजा तापमान में और वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग द्वारा दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर लू चलने की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मप्र में अभी तीखे रहेंगे गर्मी के तेवर

मध्य प्रदेश में किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय न रहने के कारण मौसम शुष्क बना हुआ है। नमी कम रहने के कारण गर्मी के तेवर भी तीखे बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने व दक्षिणी पूर्व उत्तर प्रदेश पर बना चक्रवाती घेरा हटने के कारण इंदौर सहित प्रदेश के सभी जिलों के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

राजस्थान में भीषण गर्मी

राजस्थान में अगले हफ्ते के अंत तक प्रदेश में प्री मानसून की बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम केन्द्र जयपुर के मुताबिक, राज्य में 5 जून को भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर, दौसा, टोंक, जयपुर के अलाव बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर और झुंझुनूं बेल्ट में तेज गर्मी के साथ धूलभरी हवाएं चल सकती हैं।

इन राज्यों में बारिश की आशंका

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, असम, मेघायल, अरुणाचल, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा केरल, लक्ष्यद्वीप, जम्मू-कश्मीर, झारखंड में भी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु में भी थोड़ी बहुत बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के भी एक-दो हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

ये भी पढ़ें- Corona Update: फिर डराने लगी कोरोना की रफ्तार, नए मामलों में एक दिन में करीब 8 फीसदी उछाल; एक्टिव केस भी बढ़े

हिमाचल में टूटा 13 साल का रिकॉर्ड

कांगड़ा जिले के धर्मशाला में गर्मी ने पिछले 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां पारा 37 डिग्री पहुंच गया है। ऊना जिले के लोग भी 44 डिग्री सेल्सियस गर्मी का टॉर्चर सहने के लिए बेबस हैं।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button