Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मप्र की कला, स्वाद से इस बार VVIP की दिवाली होगी खास

वोकल फॉर लोकल को साकार करने का मुख्यमंत्री का प्रयास
Follow on Google News
मप्र की कला, स्वाद से इस बार VVIP की दिवाली होगी खास

मनीष दीक्षित-भोपाल। कुदरती खूबसूरती का धनी मध्यप्रदेश देशभर के लोगों को तो लुभाता रहा ही है, लेकिन अब यहां की वस्तुएं और खाद्य पदार्थ भी खासे पसंद किए जा रहे हैं। फिर चाहे वह बुंदेलखंड में बनाए गए पीतल के दीये, मूर्तियां व अन्य आइटम हों, महाकोशल के मोटे अनाज से बनने वाली कुकीज, लड्डू या फिर झाबुआ की ट्राइबल ज्वैलरी और डिंडोरी की गोंड पेंटिंग्स। यह सब देश की राजधानी दिल्ली में विशिष्टजनों को भेंट किए जाने की तैयारी की जा रही है।

दरअसल, मप्र से दिल्ली के खास लोगों के लिए बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव की ओर से दीपावली के जो उपहार भेजे जा रहे हैं, उनमें मप्र की कला की सौंधी खुशबू घुली हुई है। पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से भेजे जाने वाले यह उपहार जल्दी ही विशिष्टजनों के हाथों में पहुंचकर उनका मन प्रफुल्लित करेंगे।

प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक ट्रक में पैक होकर यह बॉक्स दिल्ली के 450 वीवीआईपी लोगों के लिए रवाना हो गए हैं, जो उन्हें दिवाली की भेंट स्वरूप दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री की इस पहल को वोकल फॉर लोकल के अभियान से भी जोड़कर देखा जा सकता है।

क्या है गिफ्ट बॉक्स में

लक्ष्मी जी और गणेश जी की मूर्ति, शिवलिंग, दीया, घंटी, शंख, मोटे अनाज से बने लड्डू, कुकीज, ड्रायफ्रूट्स, पफ आदि। इसके अलावा झाबुआ - अलीराजपुर की ट्राइबल ज्वैलरी, बांस की बनी बॉटल, चंदेरी के स्टोल, महाकाल का प्रसाद, भोपाल की जरदोजी से बनी वस्तुएं, विश्वविख्यात गोंड पेंटिंग के अलावा वन विभाग के अंतर्गत आने वाले विंध्या के भी कुछ प्रोडक्ट्स रखे गए हैं।

पहला मौका जब की जा रही है ऐसी पहल

संभवत: यह पहला मौका होगा कि जब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से इस प्रकार की पहल की जा रही है। अभी तक मुख्यमंत्री की तरफ से सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दीपावली के कार्ड भेजे जाने की ही परंपरा रही है।

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से उन चीजों को मंगाया गया है, जो यह विशेष गिफ्ट मिलने वालों को न केवल मध्यप्रदेश की विरासत को समझने में सहायक हों, बल्कि उन्हें यह सब अनुभव करने के लिए भी प्रेरित करें। इन विशेष गिफ्ट की पैकिंग बड़े ही करीने से मध्यप्रदेश पर्यटन निगम की देखरेख में की गई है।

पैकिंग ही दे देगी प्रोडक्ट की जानकारी

इन सभी आइटम्स की पैकिंग इस तरह की गई है कि इन वस्तुओं के बारे में संक्षिप्त जानकारी के साथ इनकी क्वालिटीज के संबंध में भी बताया गया है। इसको वोकल फॉर लोकल अभियान के प्रयोग के तौर भी देखा जा सकता है, क्योंकि हर वस्तु के साथ उससे जुड़े हुए स्थान के बारे में भी जानकारी दी गई है।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts