
दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से बेंगलुरु जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट के इंजन में आग लग गई थी। खतरे को भांपते ही पायलट ने इसे रनवे पर ही रोक दिया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पैसेंजर ने बनाया वीडियो
इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-2131 के इंजन में आग लगने का ये वीडियो खुद फ्लाइट में सवार एक पैसेंजर ने बनाया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि प्लेन टेक ऑफ के लिए रनवे पर दौड़ता है, तभी अचानक चिंगारी उठने लगती हैं। देखते ही देखते वो आग का रूप ले लेती है। पायलट ने सूझ बूझ से फैसला लेते हुए विमान को फौरन रनवे पर ही रोक दिया।
इंडिगो ने बताई वजह
इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि तकनीकी खराबी की वजह से चिंगारी दिखाई दीं। एयरलाइन्स द्वारा यात्रियों के लिए एक दूसरे विमान का इंतजाम किया गया। वहीं इंडिगो ने इस घटना के लिए यात्रियों से माफी मांगी।
#दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे पर दिल्ली से #बैंगलोर जा रही #इंडिगो 6E-2131 फ़्लाइट के इंजन में लगी आग, विमान को सुरक्षित वापस लाया गया, सभी यात्री सुरक्षित#IndigoFlightFire #IndigoAirlines #DelhiAirport @IndiGo6E pic.twitter.com/olMY4R7577
— Peoples Samachar (@psamachar1) October 29, 2022
कितने यात्री थे सवार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईजीआईए कंट्रोल रूम को शुक्रवार रात 10.08 मिनट पर दिल्ली से बेंगलुरू जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E2131 के इंजन में आग लगने की सूचना मिली। इसमें करीब 177 यात्री और चालक दल के 7 सदस्य सवार थे।
अकासा की फ्लाइट से टकराया था पक्षी
इस घटना से पहले गुरुवार को अहमदाबाद से दिल्ली जा रही अकासा एयरलाइन्स की फ्लाइट से एक पक्षी टकरा गया था। घटना के समय बोइंग 737 मैक्स 8 विमान हवा में 1900 फीट की ऊंचाई पर था।