अन्यमनोरंजन

प्रसिद्ध कन्नड़ गायक शिवमोगा सुब्बन्ना का दिल का दौरा पड़ने से निधन, 83 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध कन्नड़ गायक शिवमोगा सुब्बन्ना का गुरुवार रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 83 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुब्बन्ना शहर के जयदेव अस्पताल में भर्ती थे। उनके परिवार में उनके अलावा उनकी पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है।

पार्श्व गायन के लिए मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

सुब्बन्ना को कन्नड़ सुगम संगीत (लाइट म्यूजिक) की दुनिया में उनके व्यापक योगदान के लिए जाना जाता था। सुब्बन्ना कन्नड़ भाषा के पहले गायक थे, जिन्हें पार्श्व गायन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार (1978) दिया गया था। उन्हें यह पुरस्कार फिल्म ‘काडू कुडुरे’में उनके गाए गीत ‘काडू कुडुरे ओडी बानडिट्टा’ के लिए दिया गया था। संगीत में आने से पहले सुब्बाना एक वकील और एक नोटरी के रूप में भी काम किया था। वहीं, वह आकाशवाणी और दूरदर्शन के गायक भी रहे हैं।

इन पुरस्कारों से हुए सम्मानित

शिवमोगा सुब्बन्ना ने प्रसिद्ध कन्नड़ कवियों कुवेम्पु (केवी पुट्टप्पा), केएस नरसिम्हा स्वामी, दा रा बेंद्रे और अन्य की कविताओं के लिए राग कंपोज किया था और उसे आम जनता तक पहुंचाया था। 14 दिसंबर 1938 को जन्में सुब्बन्ना को कई पुरस्कारों से सम्मानित भी किया गया है। 1978 में उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। इसके बाद 2006 में कन्नड़ कम्पू पुरस्कार, 2008 में कुवेम्पु विश्वविद्यालय से मानद डॉक्टरेट और 2009 में सुंदर श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मनोरंजन जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button