
मनोरंजन जगत से एक दुखभरी खबर सामने आई है। सिनेमा जगत की दिग्गज अदाकारा तबस्सुम गोविल ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। 78 साल की उम्र में उनका निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक, कल शाम दिल का दौरा पड़ने की वजह से उनका निधन हुआ है।
हार्ट अटैक से हुआ निधन
कल यानी शुक्रवार रात तबस्सुम को दो बार हार्ट अटैक आया था। उन्हें पहला हार्ट अटैक 8:40 बजे और दूसरा 8:42 बजे आया था, जिस कारण से उनका निधन हो गया। कहा जा रहा है कि 21 नवंबर को उनकी याद में प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। उनके बेटे होशांग गोविल ने निधन की पुष्टि की है। उनके निधन से परिवार और उनके फैंस को सदमा लगा है।
अयोध्या में जन्म, मुंबई में मौत
तबस्सुम का जन्म 9 जुलाई 1944 को अयोध्या में हुआ था। उनके पिता अयोध्यानाथ सचदेव और मां असगरी बेगम स्वतंत्रता सेनानी थे। तीन साल की उम्र में वे पहली बार स्क्रीन पर आईं। तबस्सुम ने फिल्म ‘दीदार’ में नरगिस के बचपन का किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों को जीत लिया था। इसके बाद वह कई फिल्मों में नजर आईं।
टीवी शो ने दिलाई पहचान
सिनेमा के अलावा तबस्सुम का नाम टीवी की दुनिया में भी काफी ऊपर रहा है। उन्होंने पहले भारतीय टेलीविजन टॉक शो ‘फूल खिले हैं गुलशन गुलशन’ की शुरुआत की। इस शो में वह सिनेमा जगत से जुड़े लोगों से खास बातचीत करती थीं। अभिनेत्री के इस शो को ढेर सारा प्यार मिला था। इसी वजह से यह शो दूरदर्शन पर एक या दो नहीं बल्कि पूरे 21 साल तक प्रसारित हुआ था। इस शो की शुरुआत साल 1972 में हुई थी और यह 1993 तक चला था।