इंदौरताजा खबर

मिसाइलों से लैस वाहनों से 60 मीटर तक लोगों को करेंगे रंगों से सराबोर

इंदौर। ठंडाई पीकर डीजे की धुन पर रंग खेलते हजारों हुरियारों की टोली को संडे का इंतजार है। इस मौके पर शहर में गेर निकाली जाती है। इस बार भी गेर निकलेगी, जो पारंपरिक रूप से देखने आए आमंत्रितों को हर्बल कलर से रंगेंगे। कलर मिसाइलें 60 मीटर दूर खड़े लोगों को रंगीन कर देंगी। राजवाड़े पर गुलाल से तिरंगा बनाया जाएगा। इसके साथ महाराष्ट्र से आई बैंड पार्टी की प्रस्तुति देगी। डीजे की कानफोड़ू आवाज, कई दर्जन ढोलियों की थाप के बीच बरसाने की लट्ठमार होली भी खेली जाएगी।

शहर में होली से अधिक रंगपंचमी मनाई जाती है। इस दौरान अलग-अलग इलाकों से गेर निकलती हैं, जो राजवाड़ा तक जाती गैं। यहां कई तरह की प्रस्तुतियां दी जाती हैं। संस्था सृजन के कमलेश खंडेलवाल ने बताया कि गेर के लिए 50 हजार से अधिक युवाओं को बकायदा पीला चावल देकर आमंत्रित किया गया है।

राजवाड़ा पर गुलाल का तिरंगा- गेर द्वारा राजवाड़ा पर गुलाल का तिरंगा बनाया जाएगा। वहीं वृंदावन से आई टोली लट्ठमार होली का मंचन करेगी। साधु-संतों के साथ विभिन्न समाज के प्रमुख भी गेर में शामिल होंगे। बताया गया कि गेर को यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में दर्ज करने के लिए टीम आ रही है।

कालीचरण महाराज होंगे गेर में शामिल- गेर के आयोजक अभिमन्यु मिश्रा के अनुसार गेर में गुलाल उड़ाती चार गाड़ियां हैं, जिनमें दो ऊपर की तरफ 50 मीटर तक रंग-गुलाल फेंकेंगी, वहीं एक गाड़ी खड़े लोगों को दोनों तरफ से भिगोएगी। मुंबई से रामराजा बैंड आ रहा है। आचार्य कालीचरण महाराज भी आयोजन में शामिल होंगे। गेर के लिए हुरियारे छीपा बाखल पर इकट्ठे होंगे। यहां से ठंडाई पीकर रंग-गुलाल उड़ाते व मस्ती करते निकलेंगे। पानी का बड़ा टैंकर साथ चलेगा। रास्ते की व्यवस्था बनाने के लिए 80 वॉलेंटियर रहेंगे।

गेर मार्ग पर चलेगा स्वच्छता अभियान

शहर में कल रविवार 12 मार्च को परंपरानुसार गेर का आयोजन किया जाएगा। गेर पारंपरिक मार्ग से निकलेगी। इसके मार्ग का निरीक्षण शुक्रवार को सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने किया। गोराकुंड, टोरी कॉर्नर, खजूरी बाजार, राजवाड़ा तक निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे मार्ग को समतल कर लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जाए। गेर में निगम की संदेश वाली झांकी भी शामिल की जाएगी। स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत राजवाड़ा, गोपाल मंदिर क्षेत्र में किए जीर्णोद्धार कार्यों को देखते हुए बदरंग होने से बचाने ढंकने के निर्देश भी दिए। महापौर ने गेर को यूनेस्को की धरोहर सूची में शामिल करने के लिए आवश्यक तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि गेर मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाई जाएं।

संबंधित खबरें...

Back to top button