वडनगर-वाराणसी सेवा बाइक यात्रा का छिंदवाड़ा में स्वागत, सांसद बंटी विवेक साहू ने जिले की सीमा पर किया अभिनंदन

छिंदवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक विशाल सेवा बाइक यात्रा निकाली जा रही है। शुक्रवार शाम यात्रा के छिंदवाड़ा जिले की सीमा रामपुर पहुंचने पर सांसद बंटी विवेक साहू ने यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया। इस दौरान पुष्पवर्षा और फूलों की माला पहनाकर यात्रा का अभिनंदन किया गया।
35 हजार किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर रही यात्रा
सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही यह बाइक यात्रा करीब 35,576 किलोमीटर की कुल दूरी तय कर रही है। यात्रा में 20 टोलियां और 380 रात्रि पड़ाव शामिल हैं। यात्रा का उद्देश्य लोगों से सीधा संवाद करना और जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना बताया गया है।
स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश
सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि यात्रा के माध्यम से लोगों के बीच स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और जल संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की पवित्र नदियों का जल आस्था के प्रतीक के रूप में यात्रा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों तक ले जाया जा रहा है। यह यात्रा गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा, बिहार और दिल्ली समेत 10 राज्यों से होकर गुजर रही है। मध्य प्रदेश में खंडवा, हरदा, देवास, सतना, छतरपुर और राजनगर सहित विभिन्न जिलों में यात्रा का स्वागत किया जा चुका है।
आज छिंदवाड़ा में शामिल होंगे सांसद
सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही वडनगर-वाराणसी यात्रा का 26 सितंबर को दोपहर 12 बजे छिंदवाड़ा के वार्ड क्रमांक 48 स्थित पोआमा चौक में आगमन होगा। इसके बाद सांसद बंटी विवेक साहू दोपहर 2:30 बजे मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा में यात्रा में शामिल होंगे।
MP के मंडला में गणेश पंडाल बना मौत का मंच! करंट लगने से 4 की मौत
स्वागत में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
रामपुर में यात्रा के स्वागत के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे, भाजपा जिला महामंत्री विजय पांडे, कमलेश उईके, भाजपा के वरिष्ठ नेता योगेश राणा, रिजवान कुरैशी, अखिलेश शुक्ला, योगेश साहू, संजय पटेल, राकेश माईकल पहाड़े, धर्मेन्द्र मिगलानी और शिवम साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।




















