14 साल की शादी, देवर से अफेयर और फिर BSF जवान की हत्या...जेवर गिरवी रखकर पत्नी ने दी पति की सुपारी!

मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव में बीएसएफ जवान नैन सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 27 मार्च की देर रात घर में सोते समय नैन सिंह को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड का राज घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में दिखी एक परछाई से खुला। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी कोमल समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सीसीटीवी की परछाई से खुला राज
हत्या के बाद पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में सरधना के पाली गांव निवासी गुलशन और अतलपुर किठौर निवासी मोंटू संदिग्ध रूप से आते-जाते दिखाई दिए। जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि गुलशन का नैन सिंह की पत्नी कोमल के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस को शक गहराया और पूछताछ में पूरी साजिश सामने आ गई।
पत्नी ने प्रेमी को दी पति की सुपारी
पुलिस के अनुसार कोमल ने अपने प्रेमी गुलशन के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। गुलशन ने अपने साथियों दतियाना (मुजफ्फरनगर) निवासी गुड्डु, अतलपुर किठौर निवासी राहुल उर्फ पवन और मोंटू को इस वारदात में शामिल किया। 27 मार्च की रात जब नैन सिंह घर में सो रहे थे, तब गुलशन और उसके साथियों ने घर में घुसकर उन्हें गोली मार दी।
14 साल पहले हुई थी शादी
नैन सिंह की शादी करीब 14 साल पहले कोमल से हुई थी। पिछले दो साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। विवाद के चलते कोमल मेरठ में अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसका नैन सिंह के मौसेरे भाई गुलशन से प्रेम संबंध हो गया। दो साल पहले नैन सिंह को इस रिश्ते की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद दंपती के बीच झगड़े और बढ़ गए।
छुट्टी पर घर आए थे नैन सिंह
नैन सिंह बीएसएफ में तैनात थे और गुवाहाटी में पोस्टेड थे। वह 6 मार्च को छुट्टी लेकर घर आए थे और 1 अप्रैल को वापस ड्यूटी पर जाने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही 27 मार्च की रात उनकी हत्या कर दी गई।
जेवर गिरवी रखकर जुटाए पैसे
पुलिस पूछताछ में कोमल ने बताया कि पति फोन पर उसके साथ अभद्र व्यवहार करता था। इसी वजह से उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। कोमल ने एक दुकान पर अपने जेवर मजबूरी बताकर गिरवी रखे और उससे मिले पैसे गुलशन को दे दिए। गुलशन ने उन्हीं पैसों से अपने साथियों को वारदात में शामिल किया।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को किया गिरफ्तार
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस और स्वॉट टीम की जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी पत्नी कोमल, प्रेमी गुलशन, गुड्डु, राहुल उर्फ पवन और मोंटू को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिए गए।
पुलिस लाइन में बेहोश हो गई कोमल
गिरफ्तारी के बाद जब कोमल को पुलिस लाइन लाया गया तो वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे संभाला। इस हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों को रिश्तों में बढ़ते अविश्वास और अपराध की इस घटना ने झकझोर कर रख दिया है।











