इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर शुरू हुई प्रेम कहानी का 500 दिन बाद दर्दनाक अंत, बेडरूम में मिली युवती की लाश, पति फरार

झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास इलाके में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। करीब डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली थी। परिवार की सहमति से दोनों ने शादी की और साथ रहने लगे। लेकिन कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगे। मृतका की पहचान 27 वर्षीय सुधा उर्फ शिवानी वंशकार के रूप में हुई है, जो दतिया जिले के इंदरगढ़ की रहने वाली थी। उसके परिवार ने पति यश ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद से यश फरार बताया जा रहा है।
शादी के बाद बढ़ने लगे विवाद
परिवार के मुताबिक, शिवानी की पहचान ग्वालियर निवासी 28 वर्षीय यश ठाकुर से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। दोनों ने शादी की इच्छा जताई तो परिवार ने भी रिश्ते को मंजूरी दे दी। शादी के बाद दोनों ग्वालियर में रहने लगे। परिवार का आरोप है कि कुछ समय बाद छोटी-छोटी बातों को लेकर उनके बीच विवाद होने लगे। शिवानी की बहन मुस्कान ने पति पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। बाद में शिवानी झांसी आकर अपनी बहन और भाई के साथ किराए के कमरे में रहने लगी। हालांकि, यश का वहां आना-जाना जारी रहा।
रात में फिर हुआ पति-पत्नी का विवाद
परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच शिवानी और यश के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई। परिवार के एक सदस्य ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद परिवार के बाकी लोग अपने-अपने कमरों में चले गए। रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने अपना बैग और सामान मांगा। परिवार का आरोप है कि सामान लेने के बाद उसने कमरे की कुंडी बाहर से बंद की और वहां से चला गया।
ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में चलती बस में नाबालिग से रेप, 47 KM तक चली बस; राहुल गांधी ने केंद्र और यूपी सरकार पर उठाए सवाल
सुबह कमरे में मिली शिवानी
सुबह करीब 5 बजे शिवानी की बहन मुस्कान ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह बाहर से बंद था। उसने कई बार आवाज लगाई, मगर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दोनों के फोन भी बंद बताए गए। करीब 9 बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा। उसने दरवाजा खोला तो शिवानी कमरे में बेसुध मिली। परिवार उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के मुताबिक, शिवानी के गले पर चोट का निशान मिला है। फिलहाल मौत की सही वजह स्पष्ट नहीं है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद, कमरे की परिस्थितियों और परिवार के बयानों की जांच कर रही है। घटना के बाद से यश ठाकुर फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ होगा कि शिवानी की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई।




















