दिल्ली-NCR में चलती बस में नाबालिग से रेप, 47 KM तक चली बस; राहुल गांधी ने केंद्र और यूपी सरकार पर उठाए सवाल

दिल्ली-NCR में चलती बस के अंदर 16 साल की नाबालिग लड़की के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जा रही स्लीपर बस में ड्राइवर और कंडक्टर ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। यह घटना बस की करीब 47 किलोमीटर की यात्रा के दौरान हुई। मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी दूरी तक बस चलती रही, लेकिन दिल्ली या नोएडा पुलिस को हसकी भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर दोनो को गिरफ्तार कर लिया है। बस को भी जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
ग्रेटर नोएडा से दिल्ली तक चली बस
यह घटना 4 अगस्त की रात की बताई जा रही है। बस ग्रेटर नोएडा के परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट की ओर जा रही थी। इस दौरान बस ने करीब 47 किलोमीटर का सफर तय किया। राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इसी बात को लेकर सवाल उठाया कि बस नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, दिल्ली का रिंग रोड और बॉर्डर तक पार कर गई, लेकिन उसे किसी भी चेकपोस्ट पर नहीं रोका गया।
राहुल गांधी बोले- पुलिस को भनक तक नहीं लगी
राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली-NCR महिलाओं के लिए इतना असुरक्षित हो चुका है कि एक नाबालिग बच्ची के साथ स्लीपर बस में 47 किलोमीटर तक गैंगरेप हुआ। उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली या नोएडा पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बस इतने बड़े इलाके से होकर गुजर रही थी, तो उसकी निगरानी क्यों नहीं हुई और उसे किसी चेकपोस्ट पर क्यों नहीं रोका गया।
बस की सीटों पर लगे थे पर्दे
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में बस की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बस की सीटों पर पर्दे लगे थे, ताकि अंदर क्या हो रहा है कोई देख न सके और अपराधियों में प्रशासन का कोई डर भी नहीं। निर्भया के बाद इतने सालों में, इतनी घटनाओं के बाद भी ऐसी बसों की जांच और निगरानी के नियमों का पालन क्यों नहीं हो रहा? पर्दे सिर्फ उस बस में नहीं डाले गए थे - साल दर साल सरकार द्वारा प्रशासन की नाकामियों पर डाले गए पर्दों का नतीजा है कि देश की राजधानी में भी महिलाएं एक सुरक्षित सफर नहीं कर सकतीं। और कितनी महिलाओं और बच्चियों के साथ ऐसा होना बाकी है, तब जाकर केंद्र और राज्य सरकारें इस व्यवस्था को ठीक करेंगी? क्या अमित शाह के अधीन दिल्ली पुलिस और आदित्यनाथ के अधीन UP पुलिस की जवाबदेही तय की जाएगी? कोई गुंजाइश ही नहीं - इस अपराध पर भी एक पर्दा डाल दिया जाएगा।
केंद्र और यूपी सरकार से मांगी जवाबदेही
राहुल गांधी ने कहा कि बस में लगे पर्दे सिर्फ उस बस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह सरकार और प्रशासन की नाकामियों पर पड़े पर्दों का नतीजा है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर और कितनी महिलाओं और बच्चियों के साथ ऐसी घटनाएं होंगी, तब जाकर केंद्र और राज्य सरकारें व्यवस्था को ठीक करेंगी। राहुल गांधी ने अमित शाह के अधीन दिल्ली पुलिस और आदित्यनाथ के अधीन यूपी पुलिस की जवाबदेही तय किए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इस अपराध पर भी पर्दा डालने की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
'तमिलनाडु CM विजय ने राहुल गांधी को PM कैंडिडेट चुना', कांग्रेस नेता के दावे से सियासी हलचल तेज
ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बस को भी जब्त कर लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। अब मामले में पुलिस की जांच जारी है।




















