हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर थार पलटी, दो सगे भाइयों समेत 4 युवकों की मौत, 1 घायल

हापुड़ में रविवार देर रात गंगा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार थार अचानक बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में दो सगे भाइयों समेत चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक 17 वर्षीय युवक घायल हो गया। सभी बदायूं के रहने वाले थे और थार से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। हादसा सिंभावली थाना क्षेत्र में रात करीब 11:56 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाया।
100-120 की रफ्तार में थी थार
जानकारी के मुताबिक, थार में कुल पांच लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी काफी तेज रफ्तार में थी। इसकी स्पीड करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। अचानक थार डगमगाने लगी और देखते ही देखते सड़क पर पलट गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी करीब 5-6 बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी की छत टूट गई और बोनट भी पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
अस्पताल पहुंचते ही 4 को मृत घोषित किया
सिंभावली पुलिस के मुताबिक, डायल-112 पर गंगा एक्सप्रेसवे पर थार पलटने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी सिखेड़ा ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जोगिंदर (26), सुखबीर (25), जसवंत (20) और रवि (20) के रूप में हुई है। जोगिंदर पालपुर गांव के रहने वाले थे। वहीं सुखबीर और जसवंत मेवली गांव के निवासी थे। रवि पुरदलपुर गांव के रहने वाले बताए गए हैं।


17 साल का विष्णु घायल
हादसे में विष्णु (17) घायल हुआ है। वह पालपुर का रहने वाला है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार को हादसे की एक वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना की सही वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी जानकारी जुटाई है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




















