Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इश्क का अंत इतना खौफनाक!फंदे पर झूलता प्रेमी, पास में पड़ी प्रेमिका की लाश… कमरे के अंदर क्या हुआ?

ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर गांव में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक-युवती की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई। युवक फंदे पर लटका मिला, जबकि युवती गद्दे पर मृत पाई गई। दोनों के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका मानकर जांच कर रही है।
फंदे पर झूलता प्रेमी, पास में पड़ी प्रेमिका की लाश… कमरे के अंदर क्या हुआ?

ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर गांव में किराये के कमरे में रह रहे युवक-युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बुधवार शाम करीब 6 बजे कमरे से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, तो युवक का शव पंखे से फंदे पर लटका मिला, जबकि युवती गद्दे पर मृत अवस्था में पड़ी थी।

हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती का गला दबाकर हत्या की और फिर खुद फांसी लगा ली। हालांकि, युवती के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं और कमरे से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।

कई दिनों से कमरे से बाहर नहीं निकले थे

पड़ोसियों के अनुसार, दोनों करीब दो हफ्तों से घरेलू खर्च को लेकर झगड़ रहे थे। 20 अप्रैल के बाद से वे कमरे से बाहर भी नहीं निकले थे। कमरे से एक चुनरी भी मिली है, जिससे युवती का गला घोंटने की आशंका जताई जा रही है।

अलग-अलग राज्यों के रहने वाले थे दोनों

मृत युवक की पहचान गुड्डू पासवान उर्फ गोलू (27) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का रहने वाला था। वह पहले हैदराबाद में काम करता था और पिछले 8 महीनों से ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रिशियन का काम कर रहा था।

वहीं, युवती ज्योति (24) भी देवरिया की रहने वाली थी और करीब 5 महीने पहले ही ग्रेटर नोएडा आई थी। वह एक कॉलेज में हाउसकीपिंग का काम करती थी।

ये भी पढ़ें: खामोश सुबह, चीखती दीवारें! जिस्म की हर चोट चीख रही थी दर्द फिर भी नहीं रुका कातिल, आखिरी सांस तक लड़ी… IRS की बेटी की दर्दनाक कहानी

परिवार को नहीं थी साथ रहने की जानकारी

दोनों के परिवार वालों को उनके साथ रहने की जानकारी नहीं थी। युवक एक अप्रैल को घर से हैदराबाद जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह ग्रेटर नोएडा में ही रह रहा था।

पति-पत्नी बनकर लिया था कमरा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों ने मकान मालिक को खुद को पति-पत्नी बताकर 5 हजार रुपये महीने पर कमरा किराये पर लिया था। युवती मांग में सिंदूर भी लगाती थी, जबकि दोनों की शादी नहीं हुई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार!

फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। दोनों के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts