अंतर्राष्ट्रीय

युद्ध का खतरा गहराया : अमेरिका ने यूक्रेन और रूस स्थित अपने दूतावासों के परिवारों को देश छोड़ने का दिया आदेश

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। इसी बीच अमेरिका के विदेश विभाग ने रविवार को यूक्रेन के अमेरिकी दूतावास में काम करने वाले सभी कर्मियों के परिवारों को तुरंत देश छोड़ने का आदेश दिया है। विदेश मंत्रालय ने राजनयिकों के परिवारों को कीव स्थित अमेरिकी दूतावास से प्रस्थान करने को कहा है।

ट्रैवल एडवाइडरी जारी

अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने रविवार को एक ट्रैवल एडवाइडरी जारी की है। इस एडवाइजरी में अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वह यूक्रेन की यात्रा करने से बचें क्योंकि वहां पर कोविड और रूस द्वारा संभावित सैन्य हमलों का अंदेशा है। साथ ही उन्होंने क्रीमिया, डोनेट्स्क और लुहान्स्क को अधिर खतरे वाला इलाका बताया है।

अमेरिका को यूक्रेन पर हमले की आशंका

अमेरिका यूक्रेन पर रूसी हमले को लेकर लगातार चेतावनी दे रहा है। पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कुछ समय पहले कहा था कि रूस एक ऐसी योजना पर काम कर रहा है। जिससे ऐसा लगे कि यूक्रेन उसे हमले के लिए भड़का रहा है। इस तरह रूस हमले के लिए एक बहाना तलाश रहा है।

ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड की PM जेसिंडा अर्डर्न ने कैंसिल की अपनी शादी, बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते लिया फैसला

यूक्रेन-रूस के बीच क्या है पूरा विवाद?

1991 में सोवियत संघ के विघटन के बाद यूक्रेन को आजादी मिली थी। यूक्रेन में रूसी भाषा बोलने वाले लोगों की संख्या काफी ज्यादा है। साल 2014 में यूक्रेन की रूस समर्थित सरकार के विरोध में बड़े प्रदर्शन हुए और सरकार को इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद रूस ने यूक्रेन का हिस्सा क्रीमिया पर कब्जा कर लिया।

क्रीमिया पर कब्जा करने को लेकर रूस ने कही ये बात

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस ने तर्क दिया कि रूसी बोलने वालों की रक्षा करना उसका कर्तव्य है, इसलिए क्रीमिया के लोगों को विद्रोह से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए ये कदम जरूरी था।

ये भी पढ़ें- अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में विस्फोट, 4 महिलाओं समेत 7 की मौत; जानें कहां लगाया था बम

NATO से यूक्रेन की करीबी रूस के लिए चिंता

इसके बाद से यूक्रेन पश्चिमी देशों के साथ अपने संबंध बेहतर कर रहा है। रूस इस बात का विरोध करता है। NATO से यूक्रेन की करीबी भी रूस के चिंता का विषय है। इन्हीं कारणों से दोनों देशों के बीच तनाव लगातार जारी है। वहीं रूस ने यूक्रेन बॉर्डर पर अपने 1 लाख से ज्यादा सोल्जर, टैंक और मिसाइलें तैनात कर दी हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button