गाजियाबाद: बैग फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 3 शेड जलकर खाक, JCB से दीवार तोड़कर बुझाई लपटें

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक बैग फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री के तीन बड़े शेड इसकी चपेट में आ गए। आग की तेज लपटों और धुएं की वजह से आसपास के इलाके में भी हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग इतनी ज्यादा फैल चुकी थी कि फायर ब्रिगेड के जवानों को अंदर तक पानी पहुंचाने में काफी परेशानी हुई। इसके बाद JCB की मदद से फैक्ट्री की दीवार का एक हिस्सा तोड़ा गया।
ट्रॉनिका सिटी की बैग फैक्ट्री में लगी आग
यह पूरा मामला गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र का है। यहां स्थित आर एंड आर इंक कॉरपोरेशन नाम की बैग फैक्ट्री में देर रात अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन से चार दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के फायर स्टेशनों से भी मदद मांगी गई। इसके बाद साहिबाबाद, वैशाली, नोएडा और बागपत से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
12 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग तेजी से फैल रही थी, इसलिए कुल 12 दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। फायर कर्मियों ने करीब 8 से 10 पंपिंग लाइनों के जरिए फैक्ट्री के चारों तरफ से पानी की बौछार शुरू की। फैक्ट्री में बने तीन बड़े टिन शेड आग की चपेट में आ चुके थे। शेड के अंदर तक पानी पहुंचाना आसान नहीं था। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक अलग-अलग तरफ से पानी डालकर आग को नियंत्रित करने की कोशिश की।
JCB से तोड़ी गई दीवार, फिर अंदर पहुंचाया पानी
जब दमकल कर्मियों को फैक्ट्री के अंदर सीधे पानी पहुंचाने में परेशानी हुई तो मौके पर JCB बुलाई गई। JCB की मदद से फैक्ट्री की दीवार का एक हिस्सा हटाया गया। दीवार टूटने के बाद फायर कर्मियों को अंदर तक पानी पहुंचाने का रास्ता मिला। इसके बाद फैक्ट्री के आगे और पीछे दोनों तरफ से लगातार पानी की बौछार की गई। कई घंटों की मेहनत के बाद आग धीरे-धीरे काबू में आने लगी।
ये भी पढ़ें: सहारनपुर में मस्जिद पर चला बुलडोजर, विरोध करने निकलीं सांसद इकरा हसन हाउस अरेस्ट
चार घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
दमकल विभाग की टीम ने करीब चार घंटे तक लगातार आग बुझाने का काम किया। देर रात करीब दो बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि आग बुझने के बाद भी फैक्ट्री के टिन शेड के मलबे के नीचे गर्मी बनी हुई थी। इसी वजह से दमकल कर्मियों ने काफी देर तक कूलिंग का काम जारी रखा, ताकि मलबे में मौजूद कोई सुलगता हिस्सा दोबारा आग न पकड़ सके।
हादसे में नहीं हुई कोई जनहानि
जानकारी के मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया है और फिलहाल कूलिंग का काम किया गया। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई व्यक्ति घायल हुआ। फिलहाल आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारियों की टीम फैक्ट्री में हुए नुकसान का भी आकलन कर रही है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी और इससे फैक्ट्री को कितना नुकसान हुआ।




















