Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Firozabad Blast : फिरोजाबाद में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, अब तक 5 लोगों की मौत, 11 से ज्यादा घायल; कई किमी गूंजी आवाज

Follow on Google News
Firozabad Blast : फिरोजाबाद में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, अब तक 5 लोगों की मौत, 11 से ज्यादा घायल; कई किमी गूंजी आवाज
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पटाखा गोदाम एवं फैक्टरी में अचानक विस्फोट होने से दो बच्चों और एक महिला सहित 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि, मलबे से 11 लोगों को बाहर निकाला गया। धमाके से आसपास के 6 मकान ढह गए। पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। वहीं घटना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के नौशहरा इलाके में सोमवार रात को हुई। 15 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

मृतकों में भाई-बहन भी शामिल

शिकोहाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रवीण तिवारी ने मीडिया को बताया, ‘‘पटाखा गोदाम एवं फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 2 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 11 लोग घायल हुए हैं।'' जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान मीरा देवी (45), अमन (20), गौतम कुशवाहा (18), कुमारी इच्छा (2) और अभिनय (2) के रूप में हुई है। इच्छा और अभिनय भाई-बहन हैं।

राहत बचाव कार्य जारी

सूचना पर पहुंची पुलिस व अग्निशमन दल के अधिकारियों ने राहत बचाव कार्य शुरू किया। शिकोहाबाद के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) और पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

सीएम योगी ने किया 4-4 मुआवजा देने का ऐलान

मंगलवार को मृतक के परिजनों ने सरकार से मुआवजे की मांग की और कहा कि जब तक राज्य सरकार उन्हें मुआवजा नहीं देती, तब तक मृतकों का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। बाद में, शिकोहाबाद के समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक मुकेश वर्मा ने कहा कि परिवार के सदस्य अंततः इस आश्वासन के बाद सहमत हुए कि उन्हें जल्द ही मुआवजा दिया जाएगा। मौके पर मौजूद शिकोहाबाद के विधायक मुकेश वर्मा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुआवजे के संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय से बात की और मृतकों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार करने को राजी हुए। वर्मा ने यह भी बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी से प्रभावित लोगों के आवास के लिए 100 गज के प्लॉट की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है, ताकि जिन लोगों के घर नष्ट हुए हैं, उन्हें रहने के लिए छत मिल सके।

बड़े स्तर पर हो रहा था पटाखों का निर्माण

दमकल विभाग के कर्मचारी एवं जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की टीम तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय से अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।'' एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘घनी आबादी में किसी भी प्रकार के पटाखा गोदाम की अनुमति नहीं होती है। यह गोदाम घनी आबादी में कैसे संचालित हो रहा था, इसकी पूरी जानकारी प्राप्त कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।'' पुलिस के अनुसार, नौशहरा में भूरे खां नामक व्यक्ति द्वारा बड़े स्तर पर पटाखों का निर्माण किया जा रहा था।

गोदाम में विस्फोट के साथ धमाके की आवाज

सोमवार रात लगभग साढ़े 10 बजे अचानक पटाखे के गोदाम में विस्फोट के साथ धमाके की आवाज हुई, जिससे पटाखा गोदाम की दीवारें ढह गईं और उसमें रह रहे एक ही परिवार के लगभग सात लोग मलबे में दब गए। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लगभग एक दर्जन मकान विस्फोट की जद में आए, जिससे कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की आवाज भी काफी दूर तक सुनी गई।

सीएम ने हादसे में लिया संज्ञान

इस संबंध में जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में पटाखा गोदाम में हुए हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts