
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी के 125 उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। इनमें 50 महिलाओं के नाम शामिल हैं। प्रियंका गांधी ने महिलाओं के नामों का एलान करते हुए कहा कि ये सभी महिलाएं संघर्ष करने वाली हैं। इनमें उन्नाव रेप पीड़िता की मां भी शामिल हैं।
हम नई तरह की राजनीति करेंगे: प्रियंका
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रियंका गांधी ने कहा, हमारे उम्मीदवारों की सूची नया संदेश है। 40% महिलाओं के साथ 40% युवाओं को भी रखा गया। हमने प्रयास किया है कि संघर्षशील और पूरे प्रदेश में नई राजनीति की पहल करने वाले प्रत्याशी हों। हमारी कोशिश है कि हम इनके माध्यम से यूपी की राजनीति को नई दिशा देने में कामयाब होंगे।
प्रियंका ने कहा, ”इस लिस्ट में कुछ महिला पत्रकार हैं, एक अभिनेत्री हैं और बाकी संघर्षशील महिलाएं हैं, जिन्होंने कई साल संघर्ष किया है। आज यूपी में तानाशाही सरकार है, हमारी कोशिश मुद्दों को केंद्र में लाने की है।”
न्याय का चेहरा बनेगी मां
राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा- उन्नाव में जिनकी बेटी के साथ भाजपा ने अन्याय किया, वे अब न्याय का चेहरा बनेंगी। लड़ेंगी, जीतेंगी!
उन्नाव में जिनकी बेटी के साथ भाजपा ने अन्याय किया, अब वे न्याय का चेहरा बनेंगी- लड़ेंगी, जीतेंगी!#Election2022
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) January 13, 2022
यह 125 उम्मीदवारों की सूची है जिसमें बड़ा प्रतिशत महिलाओं का है-
सात चरणों में होगा मतदान
उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से शुरू होगा। यूपी में सात चरणों में 10, 14, 20, 23, 27 और 3 और 7 मार्च को वोट डाले जाएंगे। वहीं वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए चुनाव आयोग ने यूपी, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों के लिए 15 जनवरी तक किसी भी राजनीतिक रैलियों और रोड शो की अनुमति नहीं दी है।