‘हम अलग नहीं रह सकते’!3 बहनों ने एक ही लड़के संग लिए सात फेरे? बोली- ‘दशरथ की तीन रानियां थीं...’

किस-किस को प्यार करूं" फिल्म में कपिल शर्मा एक साथ तीन लड़कियों से शादी करके मुश्किलों में फंस जाते हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश के अमरोहा से सामने आई एक वायरल कहानी ने लोगों को उसी फिल्म की याद दिला दी है। फर्क सिर्फ इतना है कि फिल्म में तीनों लड़कियां एक-दूसरे से अनजान थीं, जबकि यहां तीनों दुल्हनें सगी बहनें हैं। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई। कई लोग इस घटना को हैरानी भरा बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मामला अमरोहा जिले के धौरिया गांव का बताया जा रहा है। दावा है कि सरोज, सावित्री और संतोष नाम की तीन सगी बहनें लंबे समय से सोशल मीडिया पर वीडियो बनाती हैं। तीनों इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कंटेंट शेयर करती हैं और उनके अच्छे-खासे फॉलोअर्स भी हैं। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें बचपन से साथ रही हैं और शादी के बाद भी अलग नहीं होना चाहती थीं।
यह भी पढ़ें: Parliament Monsoon Session : मकर द्वार पर इंडिया ब्लॉक- भाजपा आमने- सामने हुई, प्रियंका ने जमकर की नारेबाजी
कैमरामैन से हुई दोस्ती
रिपोर्ट्स के अनुसार, श्यामपुरी गांव का रहने वाला विकास उर्फ विक्कू पिछले करीब छह महीने से तीनों बहनों के लिए कैमरामैन के तौर पर काम कर रहा था। वह उनके वीडियो रिकॉर्ड करने के साथ-साथ कई वीडियो में पति का किरदार भी निभाता था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। दावा किया जा रहा है कि बाद में तीनों बहनों ने विकास से शादी करने का फैसला लिया।
तीनों बहनों ने क्या कहा?
विरोध बढ़ने के बाद तीनों बहनों का एक वीडियो भी सामने आया। वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से यह फैसला लिया है। उनका कहना है कि वे बचपन से साथ रही हैं और आगे भी अलग नहीं रहना चाहती थीं। उन्होंने कहा कि जब परिवार अलग-अलग जगह शादी कराने की तैयारी कर रहा था, तब उन्होंने मिलकर एक ही व्यक्ति से शादी करने का फैसला लिया।
राजा दशरथ का दिया उदाहरण
वायरल वीडियो में तीनों बहनों ने अपने फैसले का बचाव करते हुए रामायण का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि राजा दशरथ की भी तीन रानियां थीं। उनका कहना था कि अगर उस समय ऐसा हो सकता था, तो उनके फैसले पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं।
विकास ने क्या कहा?
विकास उर्फ विक्कू का कहना है कि वह तीनों बहनों की भावनाओं को समझता था। उसने कहा कि तीनों बहनें हमेशा साथ रहना चाहती थीं, इसलिए उसने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए यह फैसला लिया।
मंदिर में शादी करने का दावा
वायरल वीडियो और मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि तीनों बहनों और विकास ने 17 जुलाई को एक मंदिर में शादी की। बताया जा रहा है कि उन्होंने पूजा-अर्चना की और अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। इस शादी में दोनों परिवारों का कोई सदस्य शामिल नहीं हुआ। हालांकि, इस विवाह की कानूनी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
धार्मिक संगठनों ने जताई आपत्ति
कुछ हिंदू संगठनों ने इस मामले पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल पर इस तरह शादी करना परंपराओं और धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ है। हालांकि, इस मामले में प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
कानून क्या कहता है?
भारत में अधिकांश समुदायों पर लागू हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 के तहत किसी व्यक्ति का पहली शादी रहते हुए दूसरी शादी करना कानूनी रूप से मान्य नहीं है (कुछ विशेष परिस्थितियों और अलग-अलग व्यक्तिगत कानूनों को छोड़कर)। इसलिए वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की कानूनी स्थिति स्पष्ट नहीं है।











