धार। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने धार जिले के पीथमपुर में आयोजित बाहा इंडिया कार्यक्रम में देश की पहली हाइड्रोजन-सीएनजी से चलने वाली बाजा बग्गी (वाहन) का अनावरण किया और हरी झंडी भी दिखाई। यह कदम पर्यावरण के अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है। इस कार्यक्रम में देशभर के इंजीनियरिंग छात्रों और उद्योग के विशेषज्ञों ने भाग लिया।
देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का काम
पीथमपुर के नैट्रेक्स पर आयोजित बाहा इंडिया कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पर्यावरण के अनुकूल प्रौद्योगिकी पर जोर देते हुए कहा कि देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में वैकल्पिक ईंधन अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने इथेनॉल, बायोडीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करने की योजनाओं का उल्लेख किया।
मार्केट में CNG से चलने वाले ट्रैक्टर-बाइक
गडकरी ने अपनी इथेनॉल और बिजली से चलने वाली इनोवा कार का उदाहरण देते हुए इसे शून्य प्रदूषण वाली तकनीक का प्रतीक बताया। साथ ही, उन्होंने बताया कि सीएनजी से चलने वाले ट्रैक्टर और बाइक जैसे किफायती विकल्प बाजार में उपलब्ध हैं। महेंद्रा एंड महेंद्रा ने अभी ट्रैक्टर भी बाजार में उतारा है, जो सीएनजी से चल रहा है। सीएनजी बाइक मात्र 1 रुपए प्रति किलोमीटर के खर्च पर चल सकती है, जो आम जनता और किसानों के लिए सस्ता और पर्यावरण अनुकूल विकल्प है।
ऑटोमोबाइल क्षेत्र में 4 करोड़ 50 लाख नौकरियां
“हमें भारत को ऊर्जा आयात करने वाले देश से ऊर्जा निर्यात करने वाला देश बनाना है। आने वाले समय में वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद करेंगे, बल्कि देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भी बनाएंगे। पिछले पांच सालों में ऑटोमोबाइल क्षेत्र में 4 करोड़ 50 लाख नौकरियां सृजित हुई हैं।”
ये कंपनियां तकनीकी विकास में अग्रणी
नितिन गडकरी ने महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी कंपनियों की सराहना करते हुए कहा कि ये कंपनियां तकनीकी विकास में अग्रणी हैं। उन्होंने सीएनजी, इथेनॉल और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर देते हुए वायु प्रदूषण को कम करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। भारत में महेंद्रा एंड महेंद्रा ऑटो इंडस्ट्री इसमें पहले नंबर पर चल रही है। अपनी इथेनॉल और बिजली से चलने वाली इनोवा का उदाहरण देते हुए इसे शून्य प्रदूषण वाली कार बताया।