Budget 2024 : 23 जुलाई को बजट पेश करेंगी वित्त मंत्री निर्मला सीतरमण, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दी जानकारी

Budget 2024। संसद का बजट सत्र 22 जुलाई से 12 अगस्त के बीच आयोजित किया जाएगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 23 जुलाई को बजट पेश करेंगी।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली तीसरी सरकार का यह पहला बजट होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद की संयुक्त बैठक में अपने संबोधन में कहा था कि बजट में प्रमुख सामाजिक व आर्थिक फैसले लिए जाने की उम्मीद है। अप्रैल-जून में हुए लोकसभा चुनाव के कारण फरवरी में अंतरिम बजट पेश किया गया था।
इस बार के बजट में क्या खास ?
इस बजट में मोदी सरकार का फोकस कृषि क्षेत्र, रोजगार, पूंजीगत व्यय की गति बनाए रखने और राजस्व वृद्धि बढ़ाने पर रहेगा। इसके अलावा, जीएसटी को सरल बनाना और कर अनुपालन से जुड़े बोझ को कम करना भी सरकार के एजेंडे में शीर्ष पर रहने की उम्मीद है। साथ ही इस बजट में कर्मचारियों और करदाताओं (टैक्सपेयर्स) को बड़ी राहत मिल सकती है।निर्मला सीतारमण के नाम दर्ज होगा अनोखा रिकॉर्ड
इस साल का यह दूसरा बजट पेश होगा। इससे पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2024 को अंतरिम बजट पेश किया था। अब नई सरकार का गठन होने के बाद पूर्ण केंद्रीय बजट पेश होने जा रहा है। यह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का छठवां बजट था। इस बार वह लगातार सातवां बजट पेश करेंगी, ऐसा करने वाली वह इतिहास की पहली वित्त मंत्री होंगी। इस मामले में वह मोरारजी देसाई को पीछे छोड़ देंगी। देसाई ने लगातार छह बजट पेश किए थे।











