शिवसेना नेता को गोली मारने का मामला : SIT करेगी जांच, आरोपी BJP विधायक को कोर्ट में किया जाएगा पेश
संजय राउत बोले- आरोपी ने मुख्यमंत्री का नाम लिया, वे इस्तीफा दें

मुंबई। महाराष्ट्र के उल्हासनगर में जमीन विवाद के चलते BJP विधायक गणपत गायकवाड़ और उनके एक साथी ने शिंदे गुट के नेता महेश गायकवाड़ को पुलिस स्टेशन के अंदर गोली मार दी। अब इस मामले में डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ को बीती रात हिरासत में ले लिया था। वहीं, शनिवार सुबह बीजेपी विधायक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर किया गया।
मुख्यमंत्री इस्तीफा दें – संजय राउत
उल्हासनगर फायरिंग पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा- एक विधायक के घर में ये फायरिंग हो रही है और खुलेआम विधायक बोलता है कि फायरिंग करने के लिए मुख्यमंत्री शिंदे ने मुझे मजबूर किया। संजय राउत ने आगे कहा कि आरोपी ने मुख्यमंत्री का नाम लिया है, इस लिहाज से उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
आरोपी को कोर्ट में किया जाएगा पेश
आरोपी बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ की मेडिकल जांच के बाद, आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने बताया इस मामले में अब तक 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य तीन की तलाश जारी है। एफआईआर में आईपीसी और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।












