यूक्रेन के लिए दोहरा झटका, मस्क की Starlink पाबंदी से ड्रोन ऑपरेशन ठप, जेलेंस्की को मिसाइल हमले की नहीं मिली चेतावनी

कीव। यूक्रेन के ड्रोन ऑपरेशन तब धीमे पड़ गए जब युद्ध के मैदान में इस्तेमाल होने वाले अमेरिकी 'स्टारलिंक' कम्युनिकेशन टर्मिनलों पर अचानक पाबंदियां लगा दी गईं। यह सब तब हुआ जब कीव को लगातार दूसरी रात रूसी मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ा। मस्क की स्टारलिंक पाबंदियों के कारण जेलेंस्की के ड्रोन बेड़े की रफ्तार धीमी पड़ गई है। साथ ही अमेरिका का समर्थन भी कम हो रहा है और ट्रंप का पुतिन के प्रति रुख नरम होता दिख रहा है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि कीव को निशाना बनाने वाली रूस की विनाशकारी बैलिस्टिक मिसाइलों के बारे में उनके पश्चिमी सहयोगियों की ओर से कोई पूर्व चेतावनी नहीं मिली। आमतौर पर ऐसी जानकारी उनको दी जाती है।
इंटेलिजेंस तक पहुंच हुई कम
इस घटनाक्रम ने चिंता बढ़ा दी है कि यूक्रेन महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी (इंटेलिजेंस) तक अपनी पहुंच खो सकता है, खासकर अमेरिका से मिलने वाली जानकारी। जेलेंस्की ने यह साफ नहीं किया कि चेतावनी न मिलने की बात करते समय वे किन सहयोगियों की ओर इशारा कर रहे थे।
ट्रंप ने कहा-दे रहे हैं खुफिया जानकारी
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वाशिंगटन ने यूक्रेन के साथ खुफिया जानकारी साझा करना बंद नहीं किया है। इन घटनाओं से यूक्रेनी सेना निराश है। उसमें इस बात का डर भी बढ़ गया है कि कीव और वॉशिंगटन के रिश्ते खराब हो रहे हैं। यूक्रेनी अधिकारी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि युद्ध में अमेरिका का समर्थन कमजोर हो सकता है। ऐसा तब हुआ है जब ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रूस से डीजल आयात करने का समझौता किया है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूक्रेन पर हमले के लिए मॉस्को पर प्रतिबंध लगाने और पुतिन को अलग-थलग करने की कोशिशें चल रही हैं।
ट्रंप ने जेलेंस्की की भी आलोचना की
ट्रंप ने कुछ ही दिन पहले कहा कि अब यूक्रेन को एक नया राष्ट्रपति मिल जाना चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि जेलेंस्की युद्ध खत्म करने के लिए पर्याप्त प्रयास करने में विफल रहे हैं। यहां तक कि ट्रंप ने अमेरिका में डीजल की ऊंची कीमतों के लिए भी उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया। लड़ाई खत्म करने के ट्रंप के प्रयासों से कोई प्रगति नहीं हुई है।
यूक्रेन के लिए स्टारलिंक बहुत जरूरी
यूक्रेनी अधिकारियों को डर है कि अमेरिका से मिलने वाला समर्थन, खास तौर पर सैन्य खुफिया जानकारी साझा करना और एलन मस्क के स्टारलिंक सैटेलाइट कम्युनिकेशन सिस्टम तक पहुंच खतरे में पड़ सकता है। जेलेंस्की के सलाहकार सेरही बेस्क्रेस्टनोव ने सोशल मीडिया पर बताया कि मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने यूक्रेन के उन स्टारलिंक टर्मिनलों पर स्पीड लिमिट लगा दी है। यह टर्मिनल ड्रोन पर लगे हुए हैं। इस पाबंदी की वजह से कामकाज में रुकावट आई और धीमी गति से उड़ने वाले हमलावर ड्रोन, रूसी एयर डिफेंस के सामने और ज्यादा कमजोर हो गए। जेलेंस्की ने बताया कि बुधवार देर रात तक ड्रोन ऑपरेटरों ने डेटा कनेक्शन में सुधार की सूचना दी, जिसमें स्पीड 161 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई थी। हालांकि, एक यूक्रेनी अधिकारी ने कहा कि यह स्पीड रूसी जेट-पावर्ड ड्रोनों को रोकने के लिए अभी भी नाकाफी है।
मिलिट्री वर्जन ट्रंप के नियंत्रण में
मस्क ने X पर कहा कि स्टारलिंक का मिलिट्री वर्जन अमेरिकी सेना और ट्रंप के नियंत्रण में है। पेंटागन और अमेरिकी स्पेस फोर्स ने इस सवाल पर तुरंत कोई जवाब नहीं दिया कि क्या अमेरिकी सेना ने यूक्रेन में सैटेलाइट संचार सेवाओं पर कोई पाबंदी लगाई है। स्टारलिंक यूक्रेन की सेना के लिए एक बहुत महत्वपूर्ण साधन है, यह आक्रामक और रक्षात्मक दोनों तरह के अभियानों में मदद करता है। बेस्क्रेस्टनोव ने बताया कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल लंबी दूरी के ड्रोन मिशन, इंटरसेप्टर एयर-डिफेंस सिस्टम और फ्रंटलाइन लॉजिस्टिक्स के लिए किया जाता है। बेस्क्रेस्टनोव ने बिना ज्यादा विस्तार में गए कहा- जाहिर है, यह कदम कोई इत्तेफाक नहीं हो सकता और इसका संबंध मौजूदा राजनीतिक हालात से है। व्हाइट हाउस ने इस पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की है।




















