ग्वालियर : उदयपुर-खजुराहो एक्सप्रेस के इंजन में लगी आग, सिथौली स्टेशन के पास ट्रेन को रोका, यात्रियों में मची भगदड़; देखें VIDEO

ग्वालियर। उदयपुर से खजुराहो के लिए जा रही उदयपुर-खजुराहो एक्सप्रेस के इंजन में शनिवार को आग लग गई। ग्वालियर से निकलने के बाद सिथौली रेलवे स्टेशन के पास आग लग गई। आग लगने का पता चलते ही लोको पायलट ने ट्रेन को रोक दिया और कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही तुरंत ग्वालियर से फायर अमला मौके पर पहुंचा और आग को बुझाने का कार्य शुरू किया।
ग्वालियर से झांसी के लिए रवाना हुई थी ट्रेन
जानकारी के मुताबिक, उदयपुर-खजुराहो एक्सप्रेस ग्वालियर स्टेशन पर अपने निर्धारित समय 12.14 मिनट पर न आकर देरी से 12.35 मिनट पर आई। इसके बाद ट्रेन 12.45 पर झांसी के लिए रवाना हुई। ट्रेन ग्वालियर स्टेशन से करीब 7 किमी दूर सिथौली रेलवे स्टेशन के पास पहुंची। तभी ट्रेन के इंजन में आग लग गई। आग का पता लगते ही लोको पायलट ने ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद ग्वालियर से फायर अमला सिथौली स्टेशन के पास पहुंचकर इंजन में लगी आग को बुझाने में लग गया। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने का प्रयास चल रहा है।





















