
टर्क्स एंड कैकोस द्वीप। नॉर्थ अटलांटिक महासागर में स्थित ब्रिटिश अधीनता वाले टर्क्स एंड कैकोस द्वीप समूह में एक कनाडाई महिला पर्यटक पर शार्क के हमले का दर्दनाक मामला सामने आया है। समुद्र में फोटो खिंचवाते समय महिला पर शार्क ने हमला कर दिया, जिससे उनके दोनों हाथ कट गए और जांघ पर भी गंभीर चोटें आईं। यह घटना 7 फरवरी को स्थानीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे सेंट्रल प्रोविडेंसियल्स के थॉमसन कोव बीच के पास घटी।
शार्क के साथ फोटो लेने की कोशिश बनी हादसे की वजह
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, 55 वर्षीय महिला समुद्र में फोटो खिंचवाने के दौरान शार्क के करीब जाने की कोशिश कर रही थीं। उन्होंने शार्क के नजदीक जाकर तस्वीरें लेने का प्रयास किया, लेकिन यह कोशिश उनके लिए बेहद खतरनाक साबित हुई। अचानक शार्क ने उन पर हमला कर दिया और उनके दोनों हाथ काट दिए।
हमले के समय परिवार था मौजूद
इस दर्दनाक घटना के समय महिला के परिवार के सदस्य भी समुद्र तट पर मौजूद थे, लेकिन वे इस हमले को रोकने या उन्हें बचाने में असफल रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के पति ने शार्क को भगाने की कोशिश की, जिसके बाद वह पीछे हटी। घटना के तुरंत बाद अन्य पर्यटकों ने महिला की मदद की और अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने की कोशिश की।
शार्क ने हमला करने के बाद भी छोड़ा नहीं पीछा
वहीं मौजूद लोगों ने बताया कि हमला करने के बाद भी शार्क वहां से नहीं गई और पानी में आसपास ही घूमती रही। विशेषज्ञों का मानना है कि यह लगभग छह फीट लंबी बुल शार्क हो सकती है, जो इस क्षेत्र में आमतौर पर पाई जाती है।
महिला की हालत गंभीर
घटना के तुरंत बाद पुलिस और चिकित्सा अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद महिला को चेशायर हॉल मेडिकल सेंटर ले जाया गया। परिवार ने आगे के इलाज के लिए महिला को कनाडा ले जाने का फैसला किया है।
ये भी पढ़ें- पन्ना : किसान की चमकी तकदीर, 4.24 कैरेट हीरा पाकर बना लखपति, परंपरागत खेती छोड़कर लोग हीरों की तलाश में जुटे
One Comment