पुतिन और शी जिनपिंग से त्रिपक्षीय बैठक को तैयार ट्रंप, कहा - परमाणु निरस्त्रीकरण होगा मुख्य एजेंडा

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ त्रिपक्षीय बैठक के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध में यूक्रेन की तरफ से बातचीत के लिए किसी और व्यक्ति को आगे आना चाहिए। पत्रकारों के यह पूछने पर कि क्या वह यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बिना पुतिन और शी से मिलेंगे, ट्रंप ने जवाब दिया, युद्ध खत्म करने के लिए मैं जो कुछ भी कर सकता हूं, वह करूंगा। चाहे वहां कोई और मौजूद हो या न हो। ट्रंप के मुताबिक इस संभावित बैठक का मुख्य एजेंडा परमाणु हथियार और परमाणु निरस्त्रीकरण होगा।
शी जिनपिंग होंगे तो मैं भी तैयार हूं :ट्रंप
व्हाइट हाउस के बाहर मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा, हम परमाणु हथियारों और परमाणु निरस्त्रीकरण पर चर्चा करेंगे। अगर राष्ट्रपति शी जिनपिंग इसमें शामिल होना चाहते हैं, तो मैं भी तैयार हूं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्रेमलिन ने बताया कि त्रिपक्षीय बैठक को लेकर चर्चा हुई है।यह अगले महीने चीन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान हो सकती है। हालांकि अभी तक इस बैठक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जेलेंस्की की भूमिका पर सवाल उठाए
ट्रंप ने एक बार फिर यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की की भूमिका पर सवाल उठाए और उनकी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जेलेंस्की को रूस के साथ पहले ही समझौता कर लेना चाहिए था। ट्रंप ने उनके संघर्ष संभालने के तरीके पर भी सवाल खड़े किए। अमेरिकी प्रशासन की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा- जेलेंस्की को नहीं पता कि वह क्या कह रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अब यूक्रेन की ओर से बातचीत के लिए किसी दूसरे व्यक्ति को आगे आना चाहिए। क्योंकि जो कुछ हुआ है, उसमें जमीन का बहुत कम हिस्सा ही इधर-उधर हुआ है। लेकिन दस लाख लोग, यानी बहुत बड़ी संख्या में लोग मारे जा चुके हैं। ट्रंप ने आगे कहा- वे अपनी पुरुष आबादी खो रहे हैं। अगर जेलेंस्की ने मेरी बात सुनी होती ( बीच में कहा- आपको ओवल ऑफिस वाली बात याद होगी) तो यूक्रेन ने इस मामले को बहुत पहले ही सुलझा लिया होता। शायद अब समय आ गया है कि जेलेंस्की किसी और को बातचीत करने के लिए आगे लाएं।
टिप्पणी का समय अहम बताया जा रहा
ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे वक्त पर आई है जब रूस को लेकर अमेरिकी नीति पर वाशिंगटन और कीव के बीच तनाव बढ़ रहा है। इस तनाव में रूस पर लगे कुछ प्रतिबंधों में ढील और यूक्रेन के सैटेलाइट संचार व खुफिया जानकारी साझा करने में आ रही रुकावटों को लेकर चिंताएं शामिल हैं।
पुतिन ने दिया था त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन का प्रस्ताव
'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 9 अक्टूबर को अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ फोन पर बातचीत के दौरान ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन का प्रस्ताव रखा था। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह बैठक 18 और 19 नवंबर को चीन के शेन्जेन में होने वाले APEC शिखर सम्मेलन के दौरान हो सकती है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने द वॉल स्ट्रीट जर्नल को बताया कि इस संभावित बैठक पर चर्चा चल रही है। लेकिन, अभी तक बैठक या उसके एजेंडे पर कोई स्पष्ट सहमति नहीं बनी है। इस संभावित शिखर सम्मेलन के कारण युद्ध से जुड़ी चर्चाओं में यूक्रेन की भागीदारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जेलेंस्की ने भी कहा है कि पुतिन के साथ त्रिपक्षीय बैठक दिसंबर में अमेरिका में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन के दौरान हो सकती है। हालांकि इस पर अभी मॉस्को और वॉशिंगटन की ओर से पुष्टि आना बाकी है।




















