ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

परिवहन विभाग को मिला 5,280 करोड़ का रेवेन्यू टारगेट

विभाग वर्ष 2023-24 में मिले 4,800 करोड़ के राजस्व लक्ष्य को पूरा नहीं कर पाया था

ग्वालियर। प्रदेश सरकार ने परिवहन विभाग को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 5,280 करोड़ रुपए का राजस्व लक्ष्य दिया है। हालांकि इससे पहले विभाग वर्ष 2023- 24 में मिले 4800 करोड़ रुपए का राजस्व लक्ष्य पूरा करने में असफल रहा था और वह 200 करोड़ से पिछड़ गया था। नए वित्तीय वर्ष में अभी परिवहन कार्यालयों और चेकपोस्टों को टारगेट नहीं दिया गया है। माना जा रहा है कि 5,280 करोड़ रुपए का लक्ष्य बहुत ज्यादा है।

अगर इस साल वाहन ज्यादा खरीदे जाते हैं तो लक्ष्य पूरा होने की उम्मीद रहेगी। 1 जनवरी से 8 मई 2024 तक 5.67 वाहन रजिस्टर्ड हो चुके हैं। अपर परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने बताया कि राज्य शासन द्वारा वित्तीय वर्ष में दिए गए 5280 करोड़ के राजस्व लक्ष्य को पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वाहनों की बिक्री से हमें टैक्स के रूप में राजस्व मिलता है। वहीं अवैध वाहन और ओवर लोडिंग वाहनों पर जुर्माने की कार्रवाई कर राजस्व लक्ष्य पूरा किया जाएगा।

पिछली बार पूरा कर लिया था 4440 करोड़ का लक्ष्य

वैसे तो राज्य शासन ने परिवहन विभाग को वर्ष 2023-24 में 4440 करोड़ का राजस्व लक्ष्य दिया था। अगर इस 4440 करोड़ के रेवेन्यू टारगेट की बात की जाए तो विभाग ने इस लक्ष्य को पूरा कर लिया था यही नहीं 160 करोड़ रुपए अतिरिक्त राजस्व भी जुटा लिया था। हालांकि शासन ने अक्टूबर 2023 में इस राजस्व लक्ष्य में 400 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी कर दी थी। जिसके चलते विभाग लक्ष्य से 200 करोड़ रुपए पीछे रह गया था।

राजस्व लक्ष्य को लेकर पांच साल का लेखा-जोखा

साल                 लक्ष्य              प्राप्त राशि
2019-20     3600 करोड़          3266 करोड़
2020-21     2600 करोड़          2746 करोड़
2021-22     3200 करोड़         3026 करोड़
2022-23     3800 करोड़         4012 करोड़
2023-24     4800 करोड़         4600 करोड़
2024-25     5280 करोड़         —-

संबंधित खबरें...

Back to top button