
मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में सोमवार को सड़क हादसा हो गया। देहात थाना अंतर्गत मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है। जबकि, 7 से ज्यादा मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
कैसे हुआ हादसा ?
जानकारी के मुताबिक, घटना देहात थाना इलाके के सोंईकला कस्बे के पास हाईवे की है। फसल कटाई का काम करने वाले मजदूर सोमवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर राजस्थान से अपने घर गिलास गांव लौट रहे थे। तभी सोंईकला कस्बे के पास हाई स्कूल के ठीक सामने मोड़ पर ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। बता दें कि ट्रॉली में अनाज से भरे बोरे और अन्य सामान भी था, जिससे दबकर एक महिला की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- मंडला : खेत की रखवाली कर रहे किसान पर जंगली हाथियों के झुंड ने किया हमला, मौत
मामला दर्ज
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मजदूरों को बाहर निकाला। इस हादसे को लेकर देहात थाना प्रभारी विकास तोमर ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- श्योपुर में अज्ञात बीमारी से 50 से ज्यादा ग्रामीण बीमार, बाढ़ में ट्यूब के सहारे मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया