ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

MP के तीन खिलाड़ियों को मिला अर्जुन अवॉर्ड, व्हील चेयर से पहुंचीं प्राची यादव तो तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा राष्ट्रपति भवन

प्रदेश के हॉकी कोच शिवेंद्र सिंह को मिला द्रोणाचार्य सम्मान

भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को दिल्ली में भारतीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार से सम्मानित किया। इनमें मध्य प्रदेश के तीन खिलाड़ी और एक कोच शामिल हैं। प्रदेश के तीन खिलाड़ियों को अर्जुन, वहीं एक कोच को द्रोणाचार्य अवॉर्ड प्रदान किया गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सभी खिलाड़ियों और कोच को बधाई और शुभकामनाएं दी है।

प्राची के लिए तालियों से गूंजा राष्ट्रपति भवन

जैसे ही राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह में प्राची यादव का नाम लिया गया, एक बारगी सभी की नजरें उनकी तरफ घूम गईं। जो भी वहां मौजूद था वह ताली बजाए बगैर नहीं रह सका। लाल रंग की साड़ी और उस पर उसी रंग का ब्लेजर पहने हुए जब प्राची  मंच की तरफ बढ़ीं तो तालियों की गड़गड़ाहट थमने का नाम नहीं ले रहीं थीं। इसकी सबसे अहम वजह थी प्राची का “व्हील चेयर” पर अवॉर्ड लेने के लिए जाना। जैसे ही हॉल में मौजूद अधिकांश लोगों को पता चला कि एमपी की बेटी प्राची अपने पैरों पर चल नहीं सकतीं, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने पैरा कैनोइंग जैसे खेल में अपना करियर बनाकर देश को कई पदक दिलाएं हैं, तो हॉल में मौजूद हर शख्स के दिल में उनके लिए सम्मान पहले से ज्यादा हो गया। इसके बाद जैसे ही महामहिम द्रौपदी मुर्मू ने प्राची को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया तो एक बार फिर एमपी की इस बिटिया के लिए राष्ट्रपति भवन का हॉल काफी देर तक करतल ध्वनि से गूंजता रहा। देखें वीडियो…

मध्य प्रदेश के तीन खिलाड़ियों को अर्जुन और एक को मिला द्रोणाचार्य पुरस्कार से किया सम्मानित।

मध्य प्रदेश के इन खिलाड़ियों को मिला अवॉर्ड

मध्य प्रदेश की पैरा कैनोइंग खिलाड़ी प्राची यादव, निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और महिला हॉकी अकादमी की पूर्व खिलाड़ी और वर्तमान में हॉकी इंडिया की स्टार प्लेयर सुशीला चानू को अर्जुन अवॉर्ड प्रदान किया गया है। वहीं भारतीय हॉकी टीम के कोच शिवेंद्र सिंह को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

सीएम बोले- पूरे एमपी को आप पर गर्व है प्राची बिटिया…

मध्‍य प्रदेश की कनोइंग प्लेयर प्राची यादव ने पेरिस पैरा ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। हाल ही में उन्होंने आईसीएफ स्प्रिंट एंड पेरा केनो वर्ल्ड चैम्पियनशिप जर्मनी में चौथा स्थान हासिल किया। इसके बाद पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया। प्राची भारत की पहली एथलीट है, जिन्होंने पेरिस पैरा ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए लिखा, ‘पूरे मध्‍य प्रदेश को आप पर गर्व है प्राची बिटिया… महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी के कर कमलों से मध्‍यप्रदेश की बेटी प्राची यादव को (पैरा कैनोइंग) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “अर्जुन पुरस्कार” से सम्‍मानित होने पर बहुत-बहुत बधाई! अपनी असाधारण खेल प्रतिभा से आपने मध्‍य प्रदेश का नाम विश्वभर में रोशन किया है। आप ऐसे ही विजय के पथ पर गतिशील रहें, हम सभी प्रदेशवासियों की शुभकामनाएं आपके साथ हैं।

ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर (अर्जुन अवॉर्ड)

मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के स्टार शूटर हैं ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर। साल 2023 के एशियन गेम्स में सबसे सफल भारतीय एथलीट रहे हैं। उन्होंने एशियन गेम्स में दो गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही ऐश्वर्य प्रताप ने वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए 50 मी रायफल थ्री पोजीशन मेन्स सिंगल इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया है। मूल रूप से खरगोन जिला निवासी ऐश्वर्य ने एशियाई शूटिंग चैम्पियनशिप के अलावा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की अन्य प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन के जरिए अनेक उपलब्धियां अपने नाम की हैं।

सुशील चानू (अर्जुन अवॉर्ड)

मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी की पूर्व खिलाड़ी और वर्तमान में हॉकी इंडिया की स्टार प्लेयर सुशीला चानू को अर्जुन अवॉर्ड प्रदान किया गया है। ग्वालियर की पहले बैच की बेहतरीन खिलाड़ी सुशीला ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। जर्मनी में हुए वुमन्स हॉकी जूनियर वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने सुशीला की कप्तानी में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। 2014 एशियन गेम्स में उन्होंने भारतीय टीम को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। 2016 रियो ओलंपिक में सुशीला भारतीय टीम की कप्तान थीं।

शिवेंद्र सिंह (द्रोणाचार्य अवॉर्ड)

मध्य प्रदेश के शिवेंद्र सिंह वर्तमान में भारतीय हॉकी टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल हैं। उन्होंने लगभग 160 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, इस दौरान उन्होंने लगभग 80 गोल अपने नाम किए। भारतीय हॉकी टीम के कोच शिवेंद्र सिंह को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

खेल रत्न अवॉर्ड

नाम खेल
चिराग शेट्टी बैडमिंटन
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी बैडमिंटन

अर्जुन अवॉर्ड

नाम खेल
ओजस प्रवीण देवताले तीरंदाजी
आदिति गोपीचंद स्वामी तीरंदाजी
श्रीशंकर एथलेटिक्स
पारुल चौधरी एथलेटिक्स
मोहम्मद हुसामुद्दीन बॉक्सिंग
आर वैशाली शतरंज
मोहम्मद शमी क्रिकेट
अनुश अग्रवाल घुड़सवारी
दिव्यकृति सिंह घुड़सवारी ड्रेसेज
दीक्षा डागर गोल्फ
कृष्ण बहादुर पाठक हॉकी
सुशीला चानु हॉकी
पवन कुमार कबड्डी
रितु नेगी कबड्डी
सरीन खो-खो
पिंकी लॉन बॉल्स
ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर शूटिंग
ईशा सिंह शूटिंग
हरिंदर पाल सिंह स्क्वैश
अयहिका मुखर्जी टेबल टेनिस
सुनील कुमार रेसलिंग
अंतिम रेसलिंग
रोशी बिना देवी वुशु
शीतल देवी पैरा आर्चरी
अजय कुमार ब्लाइंड क्रिकेट
प्राची यादव पैरा कैनोइंग

ये भी पढ़ें-  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शमी और पैरा निशानेबाज शीतल सहित अन्य को खेल पुरस्कारों से नवाजा, जानें किसे मिला अर्जुन अवॉर्ड

संबंधित खबरें...

Back to top button