राष्ट्रीयव्यापार जगत

1 जनवरी 2022 से होने जा रहे हैं ये बड़े बदलाव, इसका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा

आज साल 2021 का आखिरी दिन है। अब सिर्फ कुछ ही घंटों के बाद साल 2022 की शुरुआत हो जाएगी। नए साल में प्रवेश करने के साथ ही हमारे जीवन में कई बड़े बदलाव होंगे। जिनका आपकी जिंदगी पर सीधा असर पड़ेगा। आइए जानते हैं क्या-क्या बदलाव होने जा रहे हैं।

कपड़े और फुटवेयर खरीदना होगा महंगा

1 जनवरी से कपड़े और फुटवेयर पर 12% GST लगेगा। भारत सरकार ने कपड़ा, रेडीमेड और फुटवेयर पर 7% GST बढ़ा दी है। 1 जनवरी से रेडीमेड गारमेंट्स पर GST की दर 5% से बढ़कर 12% हो जाएगी। इससे रेडीमेड गारमेंट्स की कीमतें बढ़ेंगी। ऐसे में नए साल से रेडीमेट गारमेंट्स खरीदने के लिए ग्राहकों को अधिक पैसे चुकाने पड़ जाएंगे।

बदल जाएंगे डेबिट और क्रेडिट कार्ड के नियम

1 जनवरी से डेबिट और क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने का तरीका बदल जाएगा। दरअसल, ऑनलाइन पेमेंट को और ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने नियमों में बदलाव किया है। अब ऑनलाइन पेमेंट करते समय आपको 16 डिजिट वाले डेबिट या क्रेडिट कार्ड नंबर समेत कार्ड की पूरी डिटेल्स भरनी होंगी। यानी अब ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट के दौरान मर्चेंट वेबसाइट या ऐप आपके कार्ड की डिटेल स्टोर नहीं कर सकते। जो पहले से सेव जानकारी होगी, वह हटा दी जाएगी।

पोस्ट ऑफिस का ये नियम बदलेगा

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) ने घोषणा की है कि उसने 1 जनवरी, 2022 से ब्रांच में नकद निकासी और जमा पर शुल्क संशोधित किया है। नए नियम के मुताबिक, 1 जनवरी, 2022 के बाद अगर कोई IPPB का खाताधारक निर्धारित फ्री लिमिट पार होने के बाद पैसे जमा या निकालता है तो उसे अधिक चार्ज चुकाना पड़ेगा। बता दें कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक भारतीय डाक का एक डिवीज़न है, जिसका स्वामित्व डाक विभाग के पास है।

ATM से पैसे निकालना होगा महंगा

अगले महीने से ग्राहकों को फ्री एटीएम ट्रांजेक्शन लिमिट पार करने पर ग्राहकों को ज्यादा पेमेंट करना होगा। जून में भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंकों को 1 जनवरी 2022 से एटीएम से मुफ्त मासिक पैसा निकालने पर एक लिमिट के बाद शुल्क बढ़ाने की इजाजत दी थी। हर एक बैंक हर महीने कैश और नॉन कैश एटीएम ट्रांजेक्शन देता है। अब 1 जनवरी से मुफ्त सीमा के बाद चार्ज देना होगा। RBI के दिशानिर्देशों के अनुसार एक्सिस बैंक या अन्य बैंक के एटीएम में मुफ्त सीमा से ऊपर का फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन करने पर 21 रुपए और GST देना होगा।

बदल जाएंगे गूगल के कई ऐप के नियम

1 जनवरी 2022 से गूगल पर ऑनलाइन पेमेंट से जुड़े नियम बदल जाएंगे। इसका सीधा असर आप पर पड़ेगा। यह नया नियम गूगल की सभी सर्विस जैसे गूगल एड, यू-ट्यूब, गूगल प्ले स्टोर, और अन्य भुगतान सर्विस पर लागू होगा। अगर आप अगले महीने से RuPay, American Express, या फिर Diners Card का इस्तेमाल करते हैं, तो गूगल की तरफ से आपके कार्ड की डिटेल को सेव नहीं किया जाएगा। ऐसे में 1 जनवरी 2022 से आपको हर मैन्युअल पेमेंट करने पर कार्ड डिटेल दर्ज करनी होगी।

जनवरी से महंगी हो जाएंगी गाड़ियां

1 जनवरी 2022 से देश में कार खरीदना भी महंगा हो जाएगा। करीब 10 ऑटोमोबाइल कंपनियां 1 जनवरी 2022 से अपनी कारों की कीमत बढ़ा रही हैं। गाड़ियों की कीमत बढ़ाने वाली कंपनियों में मारुति सुजूकी, टाटा मोटर्स, फॉक्सवेगन, टोयोटा, होंडा भी शामिल हैं।

रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें

हर महीने की पहली तारीख को रसोई गैस की कीमतें तय होती है। इस बार देखना होगा कि 1 जनवरी 2022 को नए साल के दिन सिलेंडर की कीमतों में इजाफा होता है या नहीं।

ये भी पढ़ें: 2022 में लगेंगे कितने ग्रहण, जानें कब लगेगा साल का पहला सूर्य और चंद्र ग्रहण

संबंधित खबरें...

Back to top button