
मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में एक ऐसा नया हनीट्रैप गैंग सक्रिय है, जो अपनी खूबसूरती के मायाजाल से कंगाल बना सकता है। जी हां, प्रदेश में वकीलों वाली हनी ट्रैप गैंग एक्टिव है। बता दें कि इस गैंग में जबलपुर की महिला के साथ तीन वकील भी शामिल हैं। महिला अपनी खूबसूरती और अदाओं के जाल में अमीरजादों को फंसाती हैं। उसके बाद रेप का आरोप लगाकर लाखों रुपए की डिमांड करती हैं।
कैसे मिली जानकारी ?
ये हनीट्रैप गैंग अब तक कई लोगों को शिकार बना चुकी है। बता दें कि गैंग का राज उस समय सामने आया जब इससे प्रताड़ित कई लोग एक साथ एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के पास पहुंचे और अपनी आपबीती सुनाई। सिलसिलेवार एक-एक घटना के बारे में बताया।

पहले प्रेमजाल में फंसाया, फिर किया रेप केस
साल 2016 में गैंग ने आदर्शनगर के 30 वर्षीय युवक को फंसाकर उसके पिता से बेटे को बचाने के लिए 15 लाख रुपए की डिमांड की थी। बता दें कि ये महिला घमापुर की रहने वाली है। विकास रामख्यानी नाम के व्यवसायी को इस महिला ने पहले अपने प्रेमजाल में फंसाया। फिर पुलिस में रेप का केस दर्ज करा दिया। इसके बाद उसे ऐसा ब्लैकमेल किया कि मजबूरी में उसे समझौता करके शादी करनी पड़ी। उसकी सारी संपत्ति हड़प कर आरोपी महिला ने डिंडौरी में दोबारा रेप का केस करा दिया। फिलहाल ये केस कोर्ट में चल रहा है।
दूसरा शिकार – कानपुर का व्यापारी
इस महिला का दूसरा शिकार कानपुर का चर्चित व्यापारी अर्चित सलूजा बना। महिला ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर धीरे-धीरे अर्चित को अपने जाल में फंसाया। फिर साथी मनीष मेघवानी के साथ मिलकर 40 लाख रुपए की मांग की। रुपए नहीं मिले तो गैंग ने वकीलों के साथ मिलकर रेप केस करा दिया। अर्चित ने महिला और मनीष मेघवानी के खिलाफ कानपुर की कोर्ट में परिवाद दायर किया है। हालांकि उनके परिवार ने एक आवेदन जबलपुर SP को भी दिया है।
तीसरा शिकार – विकास समतानी
महिला का तीसरा शिकार बना विकास समतानी। उसके खिलाफ महिला ने तिलवारा थाने में 2021 में रेप का केस दर्ज कराया था। बता दें कि ये केस वर्तमान में कंचन गुप्ता अपर सत्र न्यायाधीश जबलपुर के यहां लंबित है। विकास समतानी से भी 20 लाख रुपए की मांग की गई थी। पैसे नहीं मिले तो उसे भी रेप के केस में फंसा दिया गया।
चौथा शिकार – बेकरी व्यवसायी का बेटा
इस महिला का चौथा शिकार बना बेकरी व्यवसायी का बेटा आदर्श नगर निवासी मोहित डुडेजा। पहले महिला ने मोहित से दोस्ती कर रिलेशन बनाए। इसके बाद ब्लैकमेल करने लगी। बता दें कि वे मोहित पर 15 लाख रुपए देने का दबाव डाल रही थी। यहां तक कि चौथा पुल स्थित उसकी दुकान में भी घुसकर हंगामा किया। आखिर में उसने गोरखपुर थाने में रेप का केस दर्ज करा दिया।
गिरोह में वकील भी शामिल
जानकारी के मुताबिक, हनी ट्रैप में फंसाने वाली इस महिला के साथ तीन वकील भी शामिल हैं। बता दें कि जिला कोर्ट में पैरवी करने वाले ये वकील ही सबसे पहले शिकार को कॉल कर धमकाते हैं। फिर दबाव बनाया जाता है कि रेप केस से बचना चाहते हो तो ले-देकर समझौता कर लो। गौरतलब है कि महिला के साथ ये वकील भी थाने में शिकायत दर्ज कराने जाते हैं।
लाख को किलो और रुपए को आटा कहते
बातचीत कोडवर्ड में होती है। जैसे 15 किलो चावल लगेगा या 25 किलो आटा देना होगा। इसका मतलब 15 या 25 लाख रुपए से होता है।
SP ने मामले में जांच के दिए आदेश
जबलपुर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के पास ये मामला पहुंचा है। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लिया है और मामले की जांच का आश्वासन दिया है। एसपी ने अपील की है कि इस गैंग के शिकार लोग गोपनीय तरीके से उनसे अपनी बात रख सकते हैं। वे बिना सामने आए अपने साथ हुई ब्लैकमेलिंग की शिकायत कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें – जबलपुर में भी बुलडोजर एक्शन में, करोड़ों की जमीन मुक्त कराई; देखें Video