लेबर पेन में तड़पती रही महिला, फर्श पर जन्मा मासूम!तेलंगाना के सरकारी अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप

तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले के सरकारी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (MCH) केंद्र में प्रसव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। समय पर मेडिकल स्टाफ नहीं पहुंचने के कारण एक गर्भवती महिला ने अस्पताल के बेड के पास ही बच्चे को जन्म दे दिया। जन्म लेते ही नवजात फर्श पर गिर गया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। घटना के बाद अस्पताल में हंगामा मच गया।
दर्द बढ़ा तो बेड के पास ही हुआ प्रसव
जानकारी के मुताबिक, दम्मापेट निवासी भवानी को पहली डिलीवरी के लिए सरकारी मैटरनिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि महिला को तेज प्रसव पीड़ा हो रही थी, लेकिन डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ समय पर नहीं पहुंचे। दर्द असहनीय होने पर महिला बिस्तर के पास खड़ी हो गई और वहीं बच्चे को जन्म दे दिया।
जन्म लेते ही फर्श पर गिरा नवजात
परिवार का कहना है कि बच्चे के जन्म के तुरंत बाद नवजात सीधे फर्श पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। उनका आरोप है कि मेडिकल स्टाफ कुछ मिनट बाद मौके पर पहुंचा। इस दौरान महिला को भी अधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) हुआ, जिससे वार्ड में मौजूद अन्य मरीज और उनके परिजन भी घबरा गए।
वाराणसी थाने में महिला दरोगा का थप्पड़ कांड : फरियादी को 8 सेकेंड में जड़े 5 थप्पड़, VIDEO VIRAL
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।
अस्पताल ने आरोपों से किया इनकार
अस्पताल प्रशासन ने लापरवाही के आरोपों को खारिज किया है। डॉक्टरों का कहना है कि महिला या उसके परिजनों ने यह जानकारी नहीं दी थी कि प्रसव शुरू हो चुका है। उनका दावा है कि यदि समय पर सूचना मिलती, तो महिला को तुरंत लेबर रूम में ले जाकर सुरक्षित प्रसव कराया जाता। अस्पताल का यह भी कहना है कि घटना के तुरंत बाद मां और नवजात दोनों का इलाज शुरू कर दिया गया और बच्चे की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। एक ओर परिजन अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अस्पताल प्रशासन खुद को निर्दोष बता रहा है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना किस वजह से हुई और यदि कोई लापरवाही हुई है तो उसके लिए कौन जिम्मेदार है।











