वाराणसी थाने में महिला दरोगा का थप्पड़ कांड :फरियादी को 8 सेकेंड में जड़े 5 थप्पड़, VIDEO VIRAL

वाराणसी के चौबेपुर थाने में फरियाद लेकर पहुंची महिला को महिला दरोगा द्वारा थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में 8 सेकेंड में 5 थप्पड़ मारने का दावा किया जा रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए डीसीपी ने महिला दरोगा रोशनी सिंह को निलंबित कर जांच के आदेश दिए हैं।
फरियादी को 8 सेकेंड में जड़े 5 थप्पड़, VIDEO VIRAL
वाराणसी थाने में महिला दरोगा का थप्पड़ कांड

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के चौबेपुर थाने में एक फरियादी महिला के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला उपनिरीक्षक (दरोगा) रोशनी सिंह शिकायत लेकर पहुंची महिला को थप्पड़ मारती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दरोगा को निलंबित कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़िता गीता देवी, चौबेपुर थाना क्षेत्र के परानापुर गांव की रहने वाली हैं। उनका कहना है कि उन्हें ग्राम समाज की आबादी की जमीन का पट्टा मिला था, लेकिन कुछ लोग उस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इस मामले में 15 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को 16 जुलाई को चौबेपुर थाने बुलाया था।

थाने में क्या हुआ?

पीड़िता के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला दरोगा ने उनके पति को बुलाने के लिए कहा। गीता देवी ने बताया कि उनके पति मजदूरी पर गए हैं। आरोप है कि इसी दौरान बातचीत के दौरान महिला दरोगा नाराज हो गईं।

वायरल वीडियो में कथित तौर पर महिला दरोगा कहते हुए सुनाई देती हैं, "रोज-रोज शिकायत लेकर आ जाती हो, आज तेरा इलाज करती हूं।" इसके बाद उन्होंने महिला को लगातार थप्पड़ मार दिए। पीड़िता का आरोप है कि बाद में उन्हें कमरे में ले जाकर भी पीटा गया।

VIDEO वायरल होने के बाद कार्रवाई

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर डीसीपी प्रमोद कुमार ने महिला दरोगा रोशनी सिंह को निलंबित कर दिया।

Breaking News

पुलिस क्या बोली?

एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाए। कई लोगों ने थाने में शिकायत लेकर आने वाले नागरिकों के साथ इस तरह के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts