राष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर: घाटी में फिर शुरू हुई टारगेट किलिंग… बांदीपोरा में आतंकियों ने की एक और बिहारी मजदूर की हत्या

घाटी में गैर कश्मीरियों की हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार तड़के एक बार फिर अज्ञात हमलावरों ने गैर कश्मीरी की गोली मारकर हत्या कर दी। कश्मीर में टारगेट किलिंग्स की घटनाओं की वजह से सरकारी कर्मचारी, प्रवासी मजदूर दहशत में देखे जा रहे हैं। वहीं हमलावरों की तलाश में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम तलाशी अभियान चला रही है।

बिहार का रहने वाला था मजदूर

बांदीपोरा जिले के सदुनारा गांव में अज्ञात हमलावरों ने शुक्रवार तड़के एक मजदूर पर गोली चला दी। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मजदूर बिहार के मधेपुरा जिला का रहने वाला है। वह बिहार से यहां मजदूरी करने आया था। उसकी पहचान मोहम्मद अमरेज (19 साल) के रूप हुई है।

कश्मीर में बिहार निवासी मजदूर की हत्या

टारगेट किलिंग में सबसे ज्यादा बिहार के लोगों की हत्या

कश्मीर में आतंकी लगातार गैर कश्मीरियों को निशाना बना रहे हैं। पिछले दिनों केंद्र सरकार ने सदन में बताया था कि जम्मू-कश्मीर में 2017 से 5 जुलाई 2022 तक 28 प्रवासी मजदूरों की हत्या आतंकवादियों ने की है। इनमें सबसे ज्यादा बिहार के 7 मजदूर मारे गए हैं।

12 अगस्त 2022: जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा की अजस तहसील के सदुनारा गांव में आतंकियों ने एक प्रवासी मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी। मरने वाले की पहचान मोहम्मद जलील के पुत्र मोहम्मद अमरेज और बिहार निवासी के रूप में हुई है।

4 अगस्त, 2022: दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में एक आतंकवादी हमले में एक गैर कश्मीरी मजदूर की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे। आतंकवादियों ने गदूरा इलाके में मजदूरों पर ग्रेनेड फेंका था। मरने वाले की पहचान बिहार के सकवा परसा निवासी मुहम्मद मुमताज के रूप में हुई है थी।

2 जून, 2022: जम्मू-कश्मीर के बडगाम में आतंकवादियों ने प्रवासी मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मरने वाला मजदूर दिलखुश कुमार (17 साल) बिहार का रहने वाला था। दिलखुश बडगाम जिले के चदूरा गांव में एक ईंट भट्ठे पर काम करता था।

2 जून, 2022: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने राजस्थान के एक बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना इलाकाही देहाती बैंक शाखा की थी।

17 अक्टूबर, 2021: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने दो गैर कश्मीरी मजदूरों को गोली मार दी थी। ये घटना लारन गंगिपोरा वानपोह इलाके की है। आतंकियों ने मजदूरों के किराए के मकान में घुसकर फायरिंग की थी। मरने वालों की पहचान राजा रेशी देव और जोगिंदर रेशी देव के रूप में हुई थी, दोनों बिहार के रहने वाले थे।

16 अक्टूबर, 2021: जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों ने बिहार के एक गोलगप्पे के फेरीवाले और उत्तर प्रदेश के एक बढ़ई की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

5 अक्टूबर, 2021: आतंकवादियों ने श्रीनगर के लाल बाजार में हमला किया और एक स्ट्रीट फूड विक्रेता की हत्या कर दी, जिसकी पहचान वीरेंद्र पासवान के रूप में हुई थी। पुलिस ने बताया था कि वीरेंद्र बिहार के भागलपुर का रहने वाला था।

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: 15 अगस्त पर देश को दहलाने की साजिश नाकाम, पुलवामा में 25-30 किलोग्राम IED बरामद

संबंधित खबरें...

Back to top button