Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कन्याकुमारी के समंदर में बना देश का पहला ग्लास ब्रिज, जानिए 77 मीटर लंबे पुल की खासियत

Follow on Google News
कन्याकुमारी के समंदर में बना देश का पहला ग्लास ब्रिज, जानिए 77 मीटर लंबे पुल की खासियत
तमिलनाडु में कन्याकुमारी के समंदर में देश का पहला ग्लास ब्रिज बनकर तैयार है। सीएम एमके स्टालिन ने सोमवार को इस कांच के पुल का उद्घाटन किया। यह पुल दो प्राचीन जगहों को जोड़ने का काम करेगा। इस कांच के पुल का इस्तेमाल कर के लोग अब विवेकानंद स्मारक से तिरुवल्लुवर प्रतिमा तक पहुंच सकते हैं। अब स्मारक से प्रतिमा तक जाने के लिए लोगों को किसी तरह की बोट की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ब्रिज पर सुरक्षा के पूरे इंतजाम

ये ग्लास ब्रिज 37 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है। ये ब्रिज 10 मीटर चौड़ा है और 77 मीटर लंबा है। साथ ही इस ब्रिज पर सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। तिरुवल्लुवर प्रतिमा की साल 2000 में पूर्व सीएम एम करुणानिधि ने स्थापना की थी। इस प्रतिमा को बनाए हुए पूरे 25 साल होने वाले हैं। इसी मौके पर राज्य में रजत जयंती मनाई जा रही है। रजत जयंती मनाने के लिए तीन दिवसीय समारोह की शुरुआत में ग्लास फाइबर ब्रिज को खोला गया है। यह पुल जल्द ही लोगों के लिए खोला जाएगा।

CM स्टालिन ने किया उद्घाटन

कन्याकुमारी के टूरिजम अधिकारी ने बताया कि ग्लास ब्रिज के नीचे समुद्र है। ब्रिज पर चलने से ऐसा लगता है जैसे हम समुद्र पर चल रहे हैं। धनुषाकार शेप के इस आर्च ग्लास ब्रिज को तट पर चलने वाली तेज हवा को झेलने के हिसाब से डिजाइन किया है। उद्घाटन के दौरान CM स्टालिन, डिप्टी CM उदयनिधि स्टालिन, राज्य के मंत्रियों और सांसद कनिमोझी पुल पर पैदल चले। उद्घाटन के बाद तिरुवल्लुवर की प्रतिमा पर लेजर लाइट शो का भी आयोजन किया गया।

खतरनाक समुद्री परिस्थितियों का सामना कर सकता हैं ब्रिज

समंदर के ऊपर बनाए गए इस कांच के ब्रिज को तैयार करने के लिए एडवांस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। ग्लास ब्रिज तेज समुद्री हवाओं सहित नाजुक और खतरनाक समुद्री परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार है। इन सब चीजों के साथ इस पुल पर लोगों की सुरक्षा का खास ख्याल रखा गया है। तमिलनाडु के लोक निर्माण और राजमार्ग मंत्री ई वी वेलु ने इस ब्रिज के निर्माण को लेकर कहा, “पुल का निर्माण करना बहुत चुनौतीपूर्ण है। हमें इसे समुद्र के ऊपर और तेज हवा जैसी कई मुश्किलों का सामना करने के लिए तैयार करने के लिए विशेषज्ञों की मदद लेनी पड़ी। वेलु ने कहा कि कांच का पुल कन्याकुमारी में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा।
People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts