
यवतमाल (महाराष्ट्र)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को पूर्वी महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के पुसद में एक चुनावी रैली में भाषण के दौरान अचानक गिर पड़े। भाजपा के वरिष्ठ नेता गडकरी पुसाद में चुनाव प्रचार कर रहे थे, जो यवतमाल-वाशिम लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए गडकरी जैसे ही बेहोश हुए उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें मंच से बाहर ले गए। हालांकि, केंद्रीय मंत्री कुछ मिनट बाद ठीक हो गए और उन्होंने अपना भाषण पूरा किया।
गड़करी ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
बाद में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ‘एक्स’ पर इस घटना की जानकारी देते हुए एक पोस्ट में कहा, ‘‘महाराष्ट्र के पुसाद में एक चुनावी रैली में गर्मी के कारण बेचैनी महसूस हुई। लेकिन, अब मैं पूरी तरह ठीक हूं और अगली रैली में हिस्सा लेने के लिए वरुड जा रहा हूं।”
#महाराष्ट्र : यवतमाल के पुसद में केंद्रीय मंत्री #नितिन_गडकरी भाषण देते समय अचानक गिर पड़े, तत्काल उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अचानक बेसुध होकर गिरे, बाद में गड़करी ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट, गर्मी की वजह से हो गया था असहज , अब स्वस्थ हूं और… pic.twitter.com/RRRv7YKpq7
— Peoples Samachar (@psamachar1) April 24, 2024
पहले भी खराब हो चुकी गडकरी की तबीयत
यह पहली बार नहीं है जब नितिन गडकरी की तबीयत अचानक बिगड़ी है। इससे पहले 2018 में भी महाराष्ट्र के अहमदनगर में एक कार्यक्रम के दौरान वह अचानक मंच पर बेहोश हो गए थे। इस दौरान उनके साथ महाराष्ट्र के तत्कालीन राज्यपाल विद्यासागर राव मौजूद थे। राज्यपाल ने ही उन्हें मंच पर संभाला था। तब बताया गया था कि शुगर लेवल कम होने की वजह से चक्कर आ गए। उन्हें तुरंत पानी पिलाया गया था और मिठाई खिलाई थी। इससे पहले भी एक रैली के दौरान उनकी तबीयत खराब होने की खबर आई थी।