
सिवनी। जिले में बरघाट विकासखंड के जंगलटोला गांव में मंगलवार को बाघ ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला तेन्दूपत्ता तोड़कर लौट रही थी। बाघ ने हमला करने के बाद महिला के शव का कुछ हिस्सा खा लिया। जबकि, महिला के धड़ से सिर को अलग कर दिया।
झाड़ियों में छिपा था बाघ
वन विभाग के अनुसार, सिवनी से लगभग 50 किलोमीटर दूर तेंदुपत्ता संग्रहण करके लौट रही 56 वर्षीय महिला नीरन बाई की मौत बाघ के हमले में हुई है। बताया जा रहा है कि बाघ झाड़ियों में छिपा हुआ था और अचानक से हमला कर दिया। वहीं सूचना मिलने पर घटनास्थल से कुछ दूरी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। महिला की मौत से क्षेत्र के ग्रामीण आक्रोशित हैं। जब ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ तब महिला का शव जंगल से बाहर लाकर पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंपा गया।
परिजनों को दी सहायता राशि
बाघ ने हमला करने के बाद महिला के शव का कुछ हिस्सा खा लिया। वन परिक्षेत्र अधिकारी संजय जंभारे ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद एकत्रित ग्रामीणों को नियंत्रित करने बरघाट पुलिस बल के साथ वन विकास निगम बरघाट परियोजना का अमला मौके पर पहुंचा। वन परिक्षेत्र अधिकारी जंभारे ने बताया कि महिला के परिवार को 8 लाख रुपए सहायता राशि का चेक वन विभाग ने उपलब्ध कराया है। क्षेत्र में मुनादी कराकर ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है। वहीं तेंदुपत्ता एकत्रित करने वालों को सतर्क किया जा रहा है।