
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ‘मेक इंडिया नंबर 1’ मिशन पर निकल पड़े हैं। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से केजरीवाल ने कहा कि, भारत का हर नागरिक हमारे लिए अहम है। देश के कोने-कोने में अस्पताल और स्कूल की व्यवस्था होना जरूरी है। इस मिशन से 130 करोड़ लोगों को जोड़ना है।
हर नागरिक यही सवाल…
सीएम ने कहा कि आजादी के 75 साल हो चुके हैं। इन 75 वर्षों में हमने बहुत कुछ हासिल किया, भारत ने बहुत कुछ हासिल किया लेकिन लोगों में गुस्सा है, एक सवाल है कि हमारे बाद आजादी पाने वाले कई छोटे राष्ट्र हमसे आगे निकल गए, भारत क्यों पिछड़ गया? हर नागरिक यही पूछ रहा है।
केजरीवाल का एक ही सपना
केजरीवाल ने कहा कि उनकी जिंदगी का एक ही सपना है कि वह भारत को दुनिया का नंबर वन देश देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत अमीर तब बनेगा, जब हर भारतवासी अमीर बनेगा। ऐसा तो नहीं हो सकता है कि भारत अमीर देश बन गया और भारत के लोग गरीब रह गए। भारत को अमीर देश बनाने के लिए हर भारतवासी को अमीर बनाना पड़ेगा।
देश को नंबर 1 बनाने के लिए करने होंगे ये 5 काम
पहला : फ्री शिक्षा
केजरीवाल ने कहा, हमें 27 करोड़ बच्चों के लिए अच्छी और फ्री शिक्षा का इंतजाम करना होगा। देश के हर बच्चे के लिए शिक्षा जरूरी है। शिक्षा से हर परिवार अमीर बनेगा और तभी देश अमीर बनेगा।
दूसरा : फ्री इलाज
देशवासियों के लिए मुफ्त इलाज जरूरी है। भारत का हर नागरिक हमारे लिए अहम है। देश के कोने-कोने में अस्पताल और स्कूल की व्यवस्था होना जरूरी है।
तीसरा : युवाओं को रोजगार
हमारी युवा शक्ति सबसे बड़ी ताकत है, आज युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। एक-एक युवा के लिए रोजगार का इंतजाम करना होगा।
चौथा : महिला को सम्मान
हर महिला को सम्मान मिलना चाहिए, सुरक्षा और बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए। हमें घर और समाज में काम करना होगा।
पांचवा : किसानों के लिए काम
आज किसान का बेटा किसान नहीं बनना चाहता। ऐसी व्यवस्था करनी होगी कि किसानों को फसल का पूरा दाम मिले और किसान का बेटा फक्र से कहे कि हमें भी किसान बनना है।
ये भी पढ़ें- बिहार: किडनैपिंग केस पर विवादों में घिरे नए कानून मंत्री, 16 को कोर्ट में करना था सरेंडर… लेकिन ले ली शपथ
‘नेताओं के भरोसे नहीं छोड़ सकते देश’
सीएम केजरीवाल ने कहा, लोग पूछते हैं Can India lead the world? Why not? भारत दुनिया का नेतृत्व क्यों नहीं कर सकता? बस हर धर्म-जाति, किसान-मजदूर, डॉक्टर-टीचर समेत सभी 130 करोड़ लोगों को देश की बागडोर संभालनी पड़ेगी। हम इन नेताओं के भरोसे देश नहीं छोड़ सकते।