
लखनऊ। गुजरात और हिमाचल प्रदेश चुनावों के नतीजों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के गढ़ मैनपुरी लोकसभा सीट पर कब्जा करने की भाजपा की कोशिश नाकाम साबित हुई। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक सपा की डिंपल यादव ने यहां 6,17,625 वोटों के साथ भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य (3,29,489) को 2.88 लाख वोटों से मात दी। डिंपल की जीत के बाद सपा में खुशी का माहौल है।
चाचा शिवपाल यादव ने डिंपल को जीत की बधाई दी तो लखनऊ से मैनपुरी पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने शिवपाल को सपा का झंडा पकड़ाया और खुद ही उनकी गाड़ी का झंडा बदलवाया। अखिलेश ने ट्वीट किया, सपा-प्रसपा ( (प्रगतिशील समाजवादी पार्टी) के साथ आने से समाजवादी आंदोलन और सौहार्द की सकारात्मक राजनीति की शक्ति दोगुनी हो गई है। प्रसपा मुखिया शिवपाल यादव ने इसे नेताजी के आदर्शों की जीत बताया है। शिवपाल ने कहा कि मैनपुरी में अब भी नेताजी का जलवा कायम है।
सपा-प्रसपा के साथ आने से समाजवादी आंदोलन और सौहार्द की सकारात्मक राजनीति की शक्ति दुगनी हो गयी है. pic.twitter.com/OFjWHMB2Ka
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) December 8, 2022
डिंपल को 64 फीसदी वाेट
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर हुए उपचुनाव की काउंटिंग में पार्टी प्रत्याशी डिंपल यादव (Dimple Yadav Wins Mainpuri Seat ) ने भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य से 2.88 लाख अधिक वोट पाए। 64.08 फीसदी वोटों के साथ वे इस सीट पर सबसे आगे रहीं। उनकी जीत के बाद यहां समर्थकों ने जमकर खुशी मनाई।
रामपुर में आजम का किला टूटा
दोपहर तीन बजे तक के रुझानों के अनुसार रामपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार आकाश सक्सेना को 80,964 वोट मिले। यहां मुकाबला बड़ा दिलचस्प रहा। पहले कुछ राउंड की काउंटिंग में सपा के उम्मीदवार मोहम्मद आसिम राजा से 6 हजार वोटों से आगे थे। बाद में भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त बनाई तो उनके वोट बढ़ते ही गए। दूसरे नंबर पर रहे सपा के मोहम्मद आसिम राजा को 47,262 वोट मिले। रामपुर सीट हमेशा से सपा का गढ़ रही है। भाजपा ने आजम के किले में सेंध लगाकर यहां भगवा लहरा दिया।
खतौली भाजपा के हाथ से गई
उधर, भाजपा के कब्जे वाली मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के मदन भैया कांटे की जंग में भाजपा की राजकुमारी सैनी से जीत गए। उन्हें 86,478 वोट मिले, जबकि भाजपा की राजकुमारी सैनी को 69,499 वोट मिले।
शिवपाल ने जीत पर खुशी जताई
यादव परिवार के वरिष्ठ सदस्य शिवपाल सिंह यादव ने डिंपल की जीत पर खुशी का इजहार करते हुए ट्वीट किया- मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं से मिले आशीर्वाद, स्नेह व अपार जनसमर्थन के लिए सम्मानित जनता, शुभचिंतकों, मित्रों व कर्मठ कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार। जसवंतनगर की सम्मानित जनता द्वारा श्रीमती डिम्पल यादव जी को दिए गए आशीर्वाद के लिए जसवंतनगर वासियों का सहृदय धन्यवाद। मुलायम सिंह यादव की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्होंने एक अन्य ट्वीट पोस्ट किया। लिखा- यह जीत नेताजी के आशीर्वाद और आदर्शों की है।