अंतर्राष्ट्रीय

Sri Lanka Economic Crisis: प्रदर्शनकारियों ने किया श्रीलंका के राष्ट्रपति भवन का घेराव, आवास छोड़कर भागे गोतबाया राजपक्षे

श्रीलंका में आर्थिक संकट को लेकर जनता का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। हालातों से त्रस्त प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के आवास को घेर लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति राजपक्षे अपने आवास को छोड़कर भाग गए हैं। खबर है कि, प्रदर्शकारियों ने राष्ट्रपति आवास पर कब्जा कर लिया है। बता दें कि इससे पहले 11 मई को तत्कालीन प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे पूरे परिवार के साथ भाग गए थे।

राजपक्षे के खिलाफ लंबे वक्त से चल रहा आंदोलन

बता दें कि श्रीलंका में बिगड़ते आर्थिक संकट के बीच राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के इस्तीफे की मांग को लेकर आज सरकार विरोध रैली चल रही है। श्रीलंका में राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के खिलाफ लंबे वक्त से ‘Gota Go Gama’ और ‘Gota Go Home’ आंदोलन जारी है। सिंहली भाषा में गामा का मतलब गांव होता है।

प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति के सरकारी आवास पर चढ़ गए हैं।

आर्थिक संकट की वजह से लोगों के पास खाना नहीं

श्रीलंका आर्थिक संकट से जूझ रहा है, जिसकी वजह से कई परिवारों को भोजन भी नहीं मिल पा रहा है। हर चीज की कीमत आसमान छू रही हैं। गैस की कमी के कारण लोग घरों में चूल्हा जला रहे हैं। बुधवार को जारी विश्व खाद्य कार्यक्रम के ताजा आंकलन के मुताबिक, करीब 62 लाख लोगों को भोजन कैसे मिलेगा, इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं है। श्रीलंका में 10 में से तीन परिवारों को इस बात का भी पता नहीं है कि उन्हें अगला भोजन कब और कहां मिलेगा।

मई में जो महंगाई 39.1% थी, वो जून में बढ़कर 54.6% हो गई है। अगर सिर्फ खाद्य महंगाई को देखें तो मई में जो 57.4% थी, वो जून में बढ़कर 80.1% हो गई है।

सांसद ने खुद को मारी थी गोली

10 मई को सत्ताधारी पार्टी के सांसद Amarakeerthi Athukorala की मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक, उनकी गाड़ी को निट्टंबुवा में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों ने घेर लिया था। इस दौरान सांसद की SUV गाड़ी से फायरिंग हुई, इस पर भीड़ भड़क गई। फिर सांसद वहां से भागे और एक बिल्डिंग में छिप गए, जिसे हजारों लोगों ने घेर लिया था। कहा जा रहा है कि भीड़ से डरकर सांसद ने खुद को अपनी ही रिवॉल्वर से गोली मार ली।

ये भी पढ़ें- Sri lanka Crisis: श्रीलंका में गहराया संकट… भीड़ से डरकर सांसद ने किया सुसाइड, मंत्रियों-नेताओं के घरों पर हमले-आगजनी

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

 

संबंधित खबरें...

Back to top button