
देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज अपना 42वां स्थापना दिवस मना रही है। 6 अप्रैल 1980 को अस्तित्व में आई भारतीय जनता पार्टी ने एक लंबा सफर तय कर लिया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
सुबह 10 बजे पीएम मोदी का संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10 बजे बीजेपी के तमाम कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले हैं। इस संबोधन के अलावा पार्टी ने बड़े स्तर पर ध्वजारोहण करने की तैयारी की है। बीजेपी के जितने भी मंडल, जिले हैं, हर जगह ध्वजारोहण किया गया। इस बार स्थापना दिवस का आकर्षण शोभा यात्रा भी रहने वाली है।
BJP ने विदेशी राजनयिकों को आमंत्रित किया है
बीजेपी ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम ‘भाजपा को जानो’में विदेशी राजनयिकों को आमंत्रित किया है। इसका मकसद अन्य देशों के साथ अच्छे व्यवहार और बातचीत के साथ संबंधों को बेहतर बनाना है।
इस कार्यक्रम में फ्रांस से इमैनुअल लेनिन, पुर्तगाल से कार्लोस पेरिरा मार्क्वेज, स्विट्जरलैंड से राल्फ हैकनर, यूरोपीय यूनियन से उगो अस्तुतो, पोलैंड से एडम बुराकोवस्की, रोमानिया से डैनियल सेजोनोव टाने, सिंगापुर से सिमोन वॉन्ग वी कुएन, स्लोवाकिया से रॉबर्ट मैक्सिआम, बांग्लादेश से मोहम्मद इमरान, इटली से विंसेंजो डी लुका, हंगरी से अंद्रास लासजोलो किरार्ली, वियतनाम से फाम सान चाउ और नॉर्वे से हंस जैकोब कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
पहली बार निकाली जाएगी शोभा यात्रा
इस शोभा यात्रा में छोटे से लेकर बड़ा, हर कार्यकर्ता हिस्सा लेने वाला है। सभी के हाथों में कमल के निशान वाला ध्वज होगा और वे सड़कों पर पार्टी का प्रचार करते हुए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक ये 42 सालों में पहली बार है कि बीजेपी स्थापना दिवस के मौके पर शोभा यात्रा निकाल रही है। शोभा यात्रा में कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और योजनाएं लिखी हुईं तख्तियां लिए रहेंगे।
सामाजिक न्याय पखवाड़ा
BJP के मुताबिक, पार्टी ने तय किया है कि 7 अप्रैल से 20 अप्रैल तक पूरे देश में सामाजिक न्याय पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके तहत केंद्र की जन कल्याण योजनाओं को समाज के हर तबके तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा 12 अप्रैल को पूरे देश में बीजेपी टीकाकरण दिवस मनाएगी, फिर 13 तारीख को गरीब कल्याण अन्न योजना को लेकर कार्यक्रम चलेंगे। 14 अप्रैल को बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती मनाई जाएगी।
ये भी पढ़ें- भारत ने 22 YouTube चैनलों को बैन किया, 4 पाकिस्तान के भी शामिल