
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम की नंदविहार कॉलोनी में सीवर लाइन के लिए मजदूर गड्ढा खोद रहा था। इसी दौरान गड्ढे की मिट्टी अचानक धंस गई। जिसमें एक मजदूर 12 फीट गहरे गड्ढे में दब गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना बुधवार शाम करीब साढ़े 4 बजे की है। यहां वोगन इंफ्रा कंपनी पिछले 6 महीने से सीवर लाइन बिछाने का काम कर रही है। जहां शहर की सड़कों को खोदकर पाइप लाइन डाली जा रही है।
आज की अन्य खबरें…
सीधी में तेज रफ्तार का कहर… बेकाबू होकर ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, 2 युवतियों की मौत
सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। घटना बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। जिला मुख्यालय के पुलिस लाइन के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बेकाबू होकर स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवतियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान लक्ष्मी कोरी (21) और अमृता कोरी (20) के रूप में हुई है। घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। फिलहाल, पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
पाकिस्तान में बेकाबू होकर बस गहरी खाई में गिरी, 10 की मौत; मृतकों में महिलाओं और बच्चे शामिल
पेशावर। उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में एक तेज रफ्तार बस बेकाबू होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 15 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। बस हरिपुर जिले के खानपुर से एक पहाड़ी गांव की ओर जा रही थी, तभी तरनावा में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तेज गति के कारण एक मोड़ पर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस गहरी खाई में गिर गई। मृतकों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। बचाव वाहन दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को निकाला। घायलों को हरिपुर जिले के एक ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
दंतेवाड़ा में इनामी महिला नक्सली ने किया आत्मसमर्पण, ”लोन वर्राटू अभियान” का असर
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में एक इनामी महिला नक्सली ने बुधवार को सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज सुरक्षाबलों के सामने कटेकल्याण एरिया कमेटी की नक्सली गंगी मुचाकी ने आत्मसमर्पण कर दिया। उनके मुताबिक, मुचाकी के सिर पर एक लाख रुपये का इनाम था। महिला नक्सली ने जिले में चल रहे ”लोन वर्राटू अभियान” (घर वापस आइए) से प्रभावित होकर हिंसा का मार्ग छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का फैसला किया है।
दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों की घर वापसी के लिए थाना, शिविरों और ग्राम पंचायतों में संबंधित क्षेत्र के सक्रिय माओवादियों का नाम चस्पा कर उनसे आत्मसमर्पण कर सम्मानपूर्वक जीवन यापन करने का आह्वान किया जा रहा है। ‘लोन वर्राटू’ अभियान के तहत अब तक जिले में 172 इनामी नक्सलियों समेत कुल 676 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया है।