राष्ट्रीय

तकनीकी खराबी के बाद एअर इंडिया का विमान दिल्ली लौटा, पेरिस के लिए भरी थी उड़ान

नई दिल्ली। दिल्ली एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की फ्लाइट की बुधवार को इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बता दें कि यह फ्लाइट दिल्ली से पेरिस जा रही थी। एअर इंडिया की फ्लाइट AI143 में तकनीकी खराबी की जानकारी मिलने के बाद उसे वापस बुलाया गया। करीब 210 यात्रियों को लेकर विमान की सेफ लैंडिंग दिल्ली एअरपोर्ट पर हुई।

विमान और सभी यात्री सुरक्षित

इमरजेंसी को लेकर दिल्ली के एम्स अस्पताल, फायर विभाग और सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया था। इमरजेंसी लैंडिंग के लिए आईजीआई एअरपोर्ट के एक हिस्से को बंद कर दिया था। CISF के सूत्रों के मुताबिक विमान और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

DGCA ने जांच के आदेश दिए

एअर इंडिया के दिल्ली से पेरिस जाने वाले विमान के बुधवार दोपहर इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरने के बाद DGCA ने जांच के आदेश दिए है। उन्होंने कहा कि फ्लैप की समस्या के कारण दोपहर 2:25 बजे इमरजेंसी लैंडिंग हुई। उड़ान ने दोपहर 1:28 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 2:03 बजे पूर्ण आपात स्थिति घोषित की गई। हालांकि, फ्लाइट सुरक्षित रूप से उतरी। आपात स्थिति घोषित होने पर इसमें 210 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं।

कई फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं

खराब विजिबिलिटी के कारण बुधवार को कई फ्लाइट्स को डायवर्ट भी किया गया। रायपुर में खराब विजिबिलिटी के कारण इंडिगो की उड़ान आईजीओ 6687 अहमदाबाद-रायपुर को दोपहर 12.37 बजे भुवनेश्वर की ओर मोड़ दिया गया। फ्लाइट एआईसी 651 मुंबई-रायपुर को सुबह 11 बजकर 53 मिनट पर खराब विजिबिलिटी के कारण नागपुर की ओर डायवर्ट किया।

हिम्मत है तो मुझ पर केस दर्ज कराएं, मैं न्यायालय में सीडी पेश कर दूंगा, नेता प्रतिपक्ष की भाजपा को चुनौती

संबंधित खबरें...