ग्वालियरमध्य प्रदेश

जीजा ने साली को बीच बाजार में मारी गोली, इस बात से था नाराज

ग्वालियर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। मुरार थाना क्षेत्र में जीजा ने अपनी साली को गोली मार दी। गनीमत रही गोली युवती के कंधे के पास लगी, जिससे वह घायल हो गई। सरेराह गोली चलने से बाजार में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि जीजा को साली का किसी दूसरे से बात करना बिल्कुल पसंद नहीं था।

एमपी ऑनलाइन की शॉप पर बैठी थी युवती

जानकारी के मुताबिक, मुरार गुलाबपुरी खुरैरी निवासी नेहा उर्फ नंदिनी जाटव को गोली लगी है। युवती बैजल कोठी के पास एमपी ऑनलाइन की शॉप पर बैठी हुई थी। तभी उसका जीजा सुरेंद्र सिंह वहां पहुंचा। इस दौरान दोनों के बीच थोड़ी बहस हुई। इसके बाद जीजा ने कट्टा निकाला और गोली चला दी। गोली युवती के बाएं कंधे पर लगी। जीजा मौके से भाग गया। गोली चलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवती को मुरार जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

साली का किसी दूसरे से बात करना नहीं था पसंद

प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला कि जीजा का साली से पहले लगाव रहा है। उसे नेहा का किसी दूसरे से बात करना पसंद नहीं था। इस बात को लेकर पहले भी उनके घर में झगड़े हुए थे। रविवार को भी जब जीजा ने साली को किसी और से बात करते देखा तो वह आग बबूला हो गया था।

ये भी पढ़ें: तेज रफ्तार कार का कहर : स्कूल जा रहे 4 बच्चों को मारी टक्कर, एक की मौत, 3 घायल

पुलिस को घायल हुई नेहा ने बताया कि मैं दुकान पर बैठी थी, तभी जीजा सुरेंद्र वहां आए और गोली चला दी। उनके साथ एक और युवक था। जीजा का कहना था कि इधर-उधर घूमा मत करो और किसी से बात मत किया करो। घर पर रहा करो।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस का कहना है कि आरोपी जीजा सुरेंद्र मौके से फरार हो गया है, लेकिन जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हमलावर सुरेंद्र के खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा मुरार पुलिस ने दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे है और आरोपी के घर दबिश भी दी गई। आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button