
देश के कई राज्यों में बढ़ती गर्मी के बीच मध्य प्रदेश का मौसम अचानक बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में आज लू चलेगी, तो कईयों में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 19 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं 7 जिलों में गरज चमक के साथ बारिश की आशंका जताई है।
कई जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, 20 अप्रैल 2022 को 19 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सागर संभाग के जिलों के साथ सीधी, सतना, उमरिया, जबलपुर, छिंदवाड़ा, राजगढ़, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, धार, रतलाम, आगर, ग्वालियर और दतिया शामिल हैं।
प्रदेश के शहरों का हाल
शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
भोपाल | 41.5 | 22.2 |
इंदौर | 40 | 22.4 |
ग्वालियर | 43.5 | 28 |
जबलपुर | 42.9 | 27 |
होशंगाबाद | 44.8 | 25.1 |
नौगांव | 44.5 | 23 |
दमोह | 44 | 26.5 |
टीकमगढ़ | 43.4 | 27.2 |
सागर | 43.2 | 25.6 |
सतना | 43.2 | 26.9 |
खंडवा | 43.1 | 25.4 |
सीधी | 43 | 27.2 |
खरगोन | 43 | 25.2 |
इन जिलों में गरज चमक के साथ बारिश
7 जिलों में गरज चमक के साथ बारिश की भी चेतावनी दी गई है। इनमें बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, नीमच, मंदसौर और ग्वालियर शामिल हैं। वहीं 30/40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से इंदौर में 20-21 अप्रैल को धूलभरी तेज आंधी चलने की संभावना है। 23 अप्रैल के बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव का असर देखने को मिलेगा।
ये भी पढ़ें- Corona Virus : MP में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मामले, इस शहर में सबसे ज्यादा नए केस मिले
मौसम बदले के पीछे की वजह
मौसम विभाग के अनुसार, अलग–अलग स्थानों पर बने 4 वेदर सिस्टम की वजह से मध्य प्रदेश का मौसम अचानक बदलने लगा है। अभी ईरान और उससे लगे पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं झारखंड पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात एक्टिव हैं। अफगानिस्तान पर पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में एक्टिव है। उत्तरी हरियाणा पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। इन चार सिस्टम के कारण हवाओं के साथ नमी आने लगी है। इससे प्रदेश के कुछ हिस्सों में बौछारें पड़ सकती हैं। इसी वजह से अगले दो दिन गर्मी से राहत रहेगी।
ये भी पढ़ें- खरगोन हिंसा पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का बड़ा बयान, कही ये बात