रीवा। जिले के मऊगंज थाना क्षेत्र में एक युवती की बेरहमी से पिटाई करने वाले आरोपी को यूपी के मिर्जापुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही प्रशासन ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर को बुलडोजर से ढहा दिया है। साथ ही SP ने इस मामले में लापरवाही बरतने पर मऊगंज थाना प्रभारी श्वेता मौर्या को सस्पेंड कर दिया है।
आरोपी के घर को ढहाया
वारदात के बाद आरोपी भाग गया था, लेकिन पुलिस ने आरोपी पंकज त्रिपाठी को शनिवार देर रात यूपी के मिर्जापुर से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरी तरफ राजस्व व पुलिस अफसरों की टीम आरोपी के घर पहुंची। यहां आरोपी पंकज त्रिपाठी के घर को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया गया। आरोपी पेशे से ड्राइवर है उसका लाइसेंस भी कैंसल कर दिया गया है।
TI को किया सस्पेंड
पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने इस मामले में लापरवाही बरतने पर मऊगंज थाना प्रभारी श्वेता मौर्या को सस्पेंड कर दिया है। वहीं मामले की जांच एडिशनल एसपी मऊगंज विवेक कुमार लाल को सौंपी गई है।
CM बोले- अत्याचार करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा
रीवा जिले के मऊगंज क्षेत्र में युवती के साथ हुई बर्बरता की घटना में अपराधी पंकज त्रिपाठी को गिरफ्तार कर उसके घर पर बुलडोजर चलाया गया। ड्राइवर पंकज का लाइसेंस भी कैंसल कर दिया गया है।
मध्यप्रदेश की धरती पर महिलाओं पर अत्याचार करने वाला कोई बख्शा नहीं जायेगा। pic.twitter.com/Z4gHr2lWsk
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) December 25, 2022
क्या है पूरा मामला ?
रीवा में गर्लफ्रेंड की बेरहमी से पिटाई का शनिवार को वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में लड़की अपने प्रेमी से शादी करने की बात कह रही है। इससे प्रेमी भड़क गया और उसने पहले थप्पड़ जड़े। बाद में नीचे पटक दिया। इस पर भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो लड़की के चेहरे पर ताबड़तोड़ लातें मारी। इससे लड़की बेहोश हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
ये घटना मऊगंज थाना क्षेत्र के घुरेहटा गांव की है। 21 दिसंबर को पंकज त्रिपाठी (24) नाम के युवक ने युवती से मारपीट की। घटना के बाद युवती (18) बेहोश हो गई, जिसे गांव वालों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। शुरुआत में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 151 के तहत केस दर्ज कर मामले को रफा दफा कर दिया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। परिजन ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
लड़का बना रहा था शादी का दबाव
एएसपी ने बताया कि युवक-युवती लगभग एक वर्ष से एक-दूसरे को जानते थे। युवक शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिजन तैयार नहीं थे। घटना के दिन आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ लड़की के गांव पहुंचा और उस पर शादी के लिए दबाव बनाया, जब युवती ने इंकार कर दिया तो गुस्से में बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान आरोपी युवक वीडियो बना रहे व्यक्ति को यह कहते सुना जा रहा है कि वीडियो बनाना बंद कर दें।
ये भी पढ़ें: Rewa News : 9वीं बटालियन से रिटायर्ड हेड कांस्टेबल ने की आत्महत्या, कारण अज्ञात, जांच में जुटी पुलिस